- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- जबलपुर
- /
- छात्र संघ चुनाव की उम्मीद कम,...
Jabalpur News: छात्र संघ चुनाव की उम्मीद कम, सुरक्षा के नाम पर प्रशासन ने खड़े किए हाथ
डिजिटल डेस्क,जबलपुर। छात्र संघ चुनाव होने की उम्मीद अब धूमिल होती जा रही है। यह अलग बात है कि चुनावों की तैयारी न्यायालय के निर्देश पर शुरू की गई थी लेकिन न्यायालय ने सितम्बर माह में चुनाव कराने के आदेश दिए थे और सितम्बर माह बीतने ही वाला है। वहीं चुनावों का ब्लू प्रिंट बनाने के लिए गठित की गई समिति ने अपनी रिपोर्ट प्रस्तुत कर दी है। जानकारों का कहना है कि अब प्रशासन और पुलिस ने सुरक्षा को देखते हुए चुनाव कराने से इंकार कर दिया है। प्रशासन का कहना है िक अब दशहरा है और उसके बाद दीपावली की तैयारी होती है। ऐसे में छात्र संघ चुनाव के लिए पर्याप्त बल नहीं मिल पाएगा।
इससे पहले छात्रसंघ चुनाव की प्रक्रिया और नियमों का रोडमैप तैयार करने के लिए उच्च शिक्षा विभाग ने 6 सदस्यीय कमेटी का गठन किया था समिति की बैठक में चुनाव प्रक्रिया को लेकर सहमति बन गई थी और यह निर्णय हुआ था कि पूर्व में आयोजित हो चुके चुनावों जैसी ही व्यवस्स्था इस बार भी रहेगी। यानी पहले कक्षा स्तर पर सभी छात्र-छात्राओं द्वारा मतदान किया जाएगा और वे सीआर यानी क्लास रिप्रजेंटेटिव चुनेगे।
इसके बाद सभी सीआर मिलकर अध्यक्ष और अन्य पदाधिकारियों का चुनाव करेंगे। चुनाव समिति ने अक्टूबर में ही चुनाव कराने की वकालत की थी लेकिन प्रदेश स्तर पर सुरक्षा का मुद्दा उठाकर छात्र संघ चुनावों को टालने का निर्णय लिया गया है। जानकारों का कहना है कि चुनावों के लिए कम से कम 15 दिनों का फ्री स्लॉट चाहिए।
अब चूंकि दशहरा की तैयारी शुरू हो गई है और उसके ठीक बाद दीपावली की चहल-पहल शुरू हो जाएगी। ऐसे में 15 दिन उसके बाद ही मिल पाएंगें। इसका सीधा सा मतलब है कि यदि छात्र संघ चुनाव होंगे तो दिसम्बर में इसकी तारीखें मिल पाएंगी लेकिन तब तक परीक्षा का मौसम शुरू हो जाता है।
समिति ने रिपोर्ट सोंप दी है
चुनाव समिति के सदस्य और क्षेत्रीय अतिरिक्त संचालक उच्च शिक्षा प्रो अल्केश चतुर्वेदी का कहना है िक चुनावों के लिए रोडमैप तैयार करने जो समिति गठित की गई थी उसकी बैठकें हो चुकी हैं और समिति ने रिपोर्ट भी सोंप दी है। चुनाव कब हाेंगे यह शासन स्तर पर तय होगा। इसके लिए उच्च शिक्षा विभाग के वरिष्ठ अधिकारी ही जानकारी दे पाएंगें।
छात्रों में देखा जा रहा रोष
छात्र संघ चुनावों में हो रही देरी को लेकर छात्रों के बीच आक्रोश देखा जा रहा है। पिछले दिनों इसे लेकर कुछ संगठनों ने प्रदर्शन भी किया था लेकिन उसके बाद भी कोई निर्णय नहीं हाे पाया है। छात्र संघ चुनावों को लेकर छात्रों के बीच रणनीति भी तैयार हो रही थी लेकिन अब उनमें मायूसी नजर आ रही है।
Created On :   29 Sept 2026 9:16 PM IST












