जबलपुर के साथ ही सभी 29 सीटें जीतेंगे- सीएम

भाजपा प्रत्याशी आशीष दुबे की नामांकन रैली में हुए शामिल

डिजिटल डेस्क जबलपुर। जबलपुर के साथ ही प्रदेश की सभी 29 लोकसभा सीटों पर भारतीय जनता पार्टी जीत हासिल करेगी। कांग्रेस हारी हुई लड़ाई लड़ रही है क्योंकि जनता का आशीर्वाद हमारे साथ है और जनता के आशीर्वाद से इस बार फिर नरेंद्र मोदी प्रधानमंत्री बनने जा रहे हैं। यह बात मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने भाजपा प्रत्याशी आशीष दुबे की नामांकन रैली के पश्चात मीडिया से चर्चा करते हुए कही।

शहीद स्मारक गोलबाजार से बुधवार को भाजपा प्रत्याशी की नामांकन रैली शुरू हुई, जिसमें खुले रथ पर मुख्यमंत्री, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा, नगरीय प्रशासन मंत्री कैलाश विजयवर्गीय, लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह, पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री प्रहलाद पटेल सहित अन्य सवार थे। सीएम ने इस दौरान जनता का अभिवादन किया और रैली मार्ग पर पुष्प वर्षा की। रैली में आठों विधानसभा के कार्यकर्ता बड़ी संख्या में मौजूद रहे। रैली मालवीय चौक, करमचंद चौक, घंटाघर होते हुए कलेक्ट्रेट पहुँची। जहाँ भाजपा प्रत्याशी ने अपना नामांकन दाखिल किया। इस अवसर पर भाजपा की पूर्व सांसद जयश्री बैनर्जी, विधायक अशोक रोहाणी, अजय विश्नोई, सुशील इंदू तिवारी, अभिलाष पांडे, नीरज सिंह ठाकुर, संतोष बरकड़े, प्रदेश कोषाध्यक्ष अखिलेश जैन, नगर अध्यक्ष प्रभात साहू, महापौर जगत बहादुर अन्नू, शरद जैन, अंचल सोनकर, रविकरण साहू, एड. विजय पांडे, रिकुंज विज, अश्वनी परांजपे आदि शामिल रहे।

Created On :   27 March 2024 6:03 PM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story