बारिश में बने बदतर हालात, पानी निकासी के लिए नाली तक नहीं, जिम्मेदार अधिकारी मौन

बारिश में बने बदतर हालात, पानी निकासी के लिए नाली तक नहीं, जिम्मेदार अधिकारी मौन
बारिश में टापू बन गया ओमकार नगर, चारों तरफ पानी ही पानी

डिजिटल डेस्क, जबलपुर।

शहर को भले ही बारिश से राहत मिल गई है, लेकिन बारिश से अमखेरा का ओमकार नगर टापू बन गया है। यहाँ के हालात बद से बदतर हो गए हैं। चारों तरफ पानी ही पानी नजर आ रहा है। स्थिति यह है कि पूरे क्षेत्र की कच्ची सड़कों पर दो-दो फीट पानी भरा हुआ है। कच्ची सड़क होने के कारण लोग कीचड़ में फिसल रहे हैं। लोगों का घर से निकलना मुश्किल हो रहा है। इसके बाद भी नगर निगम के अधिकारी बारिश के पानी की निकासी के लिए नाली नहीं बना रहे हैं।

ओमकार नगर निवासी उमाशंकर शर्मा, ओमप्रकाश नामदेव और अश्विनी तिवारी का कहना है कि उनका क्षेत्र वार्ड क्रमांक-74 के अंतर्गत आता है। पिछले साल नगर निगम ने उनके क्षेत्र में सीवर लाइन डाली थी। सीवर लाइन ठेकेदार ने क्षेत्र की सभी नालियाँ बंद कर दीं। इससे बारिश के पानी की निकासी बंद हो गई। हाल ही में बारिश से पूरे क्षेत्र में पानी भर गया है। सड़क के अलावा खाली प्लाॅटों में भी पानी भरा हुआ है। हालात ये हैं कि लोग अपने घरों से बाहर नहीं निकल पा रहे हैं। बच्चों को स्कूल भेजना भी मुश्किल हो रहा है। गैस सिलेण्डर वाले क्षेत्र में नहीं आ रहे हैं। यदि कोई गंभीर रूप से बीमार हो जाए तो एम्बुलेंस तक का पहुँचना यहाँ मुश्किल है। इसके बाद भी नगर निगम के अधिकारी पानी निकासी के लिए रास्ते नहीं बना रहे हैं।

अवैध कॉलोनी बताकर जिम्मेदारी से बच रहे अधिकारी

नगर निगम के अधिकारी ओमकार नगर को अवैध बताकर अपनी जिम्मेदारी से बचने का प्रयास कर रहे हैं। वहीं क्षेत्रीय लोगों का कहना है कि ओमकार नगर में ग्राम पंचायत से नक्शे पास हैं।यहाँ पर लोगों ने बैंक से लोन लेकर मकान बनाए हैं। बिजली कंपनी ने नियमित कनेक्शन दिए हैं। वर्ष 2014 में ओमकार नगर को नगर निगम की सीमा में शामिल किया गया है। नगर निगम ने यहाँ पर सीवर लाइन डाली है और नर्मदा जल के नल कनेक्शन भी दिए हैं। सड़क और नाली बनाने से बचने के लिए नगर निगम के अधिकारी ओमकार नगर को अवैध बता रहे हैं।

कच्ची सड़कों पर भरा पानी

क्षेत्र के भूपेन्द्र अवस्थी, श्याम सुंदर चौबे, शिवम वर्मा और कृष्णा दौना का कहना है कि ओमकार नगर की सभी सड़कें कच्ची हैं। बारिश होने के बाद सड़कों पर दो-दो फीट पानी भर गया है। नगर निगम से कई बार पानी निकालने के लिए कहा गया, लेकिन नगर निगम के अधिकारी इस ओर ध्यान नहीं दे रहे हैं। क्षेत्रीय नागरिकों का कहना है कि नगर निगम को जल्द ही पानी निकासी की व्यवस्था करनी चाहिए।

प्राकृतिक आपदा में नहीं किया जा सकता मदद से इनकार

जानकारों का कहना है कि यदि मान भी लिया जाए कि ओमकार नगर अवैध है। इसके बाद भी बारिश में जलभराव जैसी प्राकृतिक आपदा के समय नगर निगम मदद से इनकार नहीं कर सकता। नगर निगम को मानवीय आधार पर ओमकार नगर को जलभराव से मुक्ति दिलानी चाहिए।

अमखेरा के ओमकार नगर को अवैध कॉलोनी की श्रेणी में शामिल किया गया है, जब तक कॉलोनी का विधिवत नियमितीकरण नहीं हो जाता, तब तक यहाँ पर सड़क और नाली के काम नहीं कराए जा सकते।

- संतोष अग्रवाल, संभागीय अधिकारी

Created On :   8 Aug 2023 9:43 AM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story