अनोखा विरोध: 8 साल में 14,400 करोड़ खर्च फिर भी एक पूरा रेल कोच नहीं बना!, इस रेल कोच फैक्टरी का किया प्रतीकात्मक श्राद्ध

डिजिटल डेस्क, लातूर। लाखों रोजगार का सपना दिखाकर किसानों की जमीन ली गई। परियोजना पर 14,400 करोड़ रुपये खर्च होने का दावा है, लेकिन 8 साल में एक भी पूरा रेल कोच तैयार नहीं हुआ। दूसरी ओर, लातूर के पढ़े-लिखे युवा नौकरी के लिए भटक रहे हैं। मराठवाड़ा रेल कोच फैक्टरी को लेकर स्थानीय लोगों की यही नाराजगी सोमवार को आंदोलन के रूप में सामने आई। मराठवाड़ा रेल कोच फैक्टरी संघर्ष समिति ने परियोजना का काम कर रही ‘किनेट’ कंपनी का प्रतीकात्मक श्राद्ध कर केंद्र सरकार और संबंधित प्रशासन के खिलाफ विरोध जताया।
आंदोलन के दौरान जिला कांग्रेस अध्यक्ष अभय सालुंके ने आरोप लगाया कि चेन्नई की सरकारी रेल कंपनी कम लागत में कोच बनाने के लिए तैयार थी, इसके बावजूद करीब 14,000 करोड़ रुपये का टेंडर रूसी भागीदारी वाली कंपनी को दिया गया। अब तक 14,400 करोड़ रुपये खर्च होने के बावजूद फैक्टरी में एक भी पूरा कोच तैयार नहीं हुआ है। बाहर से लाई गई अधूरी बोगियों का बार-बार उद्घाटन किया जा रहा है।
यह भी पढ़े -नाबालिग छात्राओं के लैंगिक उत्पीड़न का आरोपी स्कूल संस्थापक गिरफ्तार, तीन टीमें पांच शहरों में तलाशती रहीं
आईटीआई और सिविल इंजीनियरिंग के युवाओं से स्लीपर उठाने का काम
सालुंके ने कहा कि फैक्टरी से लाखों रोजगार पैदा करने का वादा किया गया था, लेकिन स्थानीय युवाओं को तकनीकी काम नहीं मिल रहा है। आरोप है कि लातूर एमआईडीसी से एक कील तक नहीं खरीदी गई। निर्माण सामग्री और श्रमिक भी बाहर से लाए जा रहे हैं। आईटीआई और तकनीकी शिक्षा प्राप्त युवाओं को सुरक्षा गार्ड और सफाई कर्मचारी के रूप में ठेके पर रखा जा रहा है। यहां तक कि सिविल इंजीनियरिंग की पढ़ाई करने वाले युवाओं से स्लीपर उठाने का काम कराया जा रहा है। नौकरी में स्थानीय युवाओं को प्राथमिकता देने की मांग करने वाले विलास मुळे को काम से हटाने का भी आरोप लगाया गया।
सांसद के माध्यम से लोकसभा में उठेगा मुद्दा
सालुंके ने बताया कि स्थानीय युवाओं के साथ कथित अन्याय के विरोध में विलास मुळे और कपिल धावडे छत्रपति शिवाजी महाराज चौक में अनिश्चितकालीन अनशन करेंगे। साथ ही सांसद डॉ. शिवाजीराव कालगे के माध्यम से यह मुद्दा लोकसभा में भी उठाया जाएगा।
यह भी पढ़े -राज्य के 72 बालगृहों की मान्यता रद्द, नवीनीकरण प्रमाणपत्र के लिए सरकार के पास प्रस्ताव नहीं भेजा
किसानों की जमीन ली, अब हिसाब देने से क्यों बच रही सरकार?
राष्ट्रवादी कांग्रेस (शरदचंद्र पवार) की राष्ट्रीय युवती अध्यक्ष सक्षणा सलगर ने कहा कि यह आंदोलन किसी एक राजनीतिक दल का नहीं, बल्कि किसानों और बेरोजगार युवाओं के अधिकारों की लड़ाई है। किसानों ने अपनी मेहनत से सींची जमीन परियोजना के लिए दी, लेकिन रोजगार के नाम पर उन्हें निराशा हाथ लगी। सरकार को बताना चाहिए कि परियोजना पर कितना पैसा खर्च हुआ और कितने स्थानीय युवाओं को रोजगार मिला। उन्होंने परियोजना के खर्च, उत्पादन और रोजगार से संबंधित पूरा ब्योरा सार्वजनिक करने के लिए श्वेतपत्र जारी करने की मांग की। साथ ही चेतावनी दी कि किसानों और युवाओं को न्याय नहीं मिला तो आंदोलन और तेज किया जाएगा।
आंदोलन में कांग्रेस शहर जिलाध्यक्ष प्रा. डॉ. शिवाजी जवलगेकर, प्रवीण सालुंके, रंजना हासुरे, जगदीश पाटील, सचिन औरंगे, विलास मुळे, कपिल धावडे, ओमकार भोईबार, डॉ. दिनेश नवगिरे, अमोल कांबले, प्रवीण सूर्यवंशी और गोपीनाथ लोटकर सहित बड़ी संख्या में किसान और कार्यकर्ता शामिल हुए।
Created On :  
