Latur News: 500 रुपए की रिश्वत लेते भू-करमापक रंगेहाथ गिरफ्तार

500 रुपए की रिश्वत लेते भू-करमापक रंगेहाथ गिरफ्तार
  • अहमदपुर के भूमि अभिलेख कार्यालय में एसीबी ने बिछाया जाल
  • किसान से चतुःसीमा नक्शे की प्रमाणित प्रतियां देने के बदले मांगी थी रिश्वत
  • शिकायत के बाद पंचों की मौजूदगी में की गई कार्रवाई, आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज

Latur News सरकारी कार्यालय में जमीन से जुड़ा नक्शा हासिल करने के लिए किसान से 500 रुपए की रिश्वत मांगी गई। किसान ने रिश्वत देने के बजाय भ्रष्टाचार निरोधक विभाग (एसीबी) से शिकायत की। इसके बाद एसीबी ने जाल बिछाया और मंगलवार को जैसे ही भू-करमापक ने किसान से 500 रुपए स्वीकार किए, टीम ने उसे रंगेहाथ गिरफ्तार कर लिया। यह कार्रवाई अहमदपुर के उप अधीक्षक भूमि अभिलेख कार्यालय में की गई। गिरफ्तार कर्मचारी की पहचान अक्षय ओमप्रकाश बुरांडे के रूप में हुई है।

दो सर्वे नंबरों के नक्शों के लिए मांगी थी रिश्वत

एसीबी की प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, अहमदपुर तहसील के लांजी गांव निवासी 35 वर्षीय किसान को अपने भाई विजय राम कच्छवे के नाम दर्ज सर्वे नंबर 18 की 1 हेक्टेयर 41 आर कृषि भूमि में से 41 आर जमीन अपने नाम करानी थी। इसके लिए उसे चतुःसीमा नक्शे की जरूरत थी। इसके अलावा किसान को अपने पिता के नाम सर्वे नंबर 24 में दर्ज जमीन का भी चतुःसीमा नक्शा चाहिए था।

इसी सिलसिले में किसान ने 13 नवंबर को अहमदपुर के भूमि अभिलेख कार्यालय में नियमानुसार आवेदन किया था। आरोप है कि दोनों नक्शों की प्रमाणित प्रतियां देने के बदले भू-करमापक अक्षय बुरांडे ने उससे 500 रुपए की रिश्वत मांगी।

शिकायत मिलते ही सक्रिय हुई एसीबी

रिश्वत की मांग से परेशान किसान ने 16 नवंबर को लातूर स्थित एसीबी कार्यालय में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर एसीबी ने उसी दिन दोपहर 3.17 से शाम 4.05 बजे के बीच भूमि अभिलेख कार्यालय में रिश्वत मांगने की पुष्टि के लिए जांच की। इस दौरान कर्मचारी द्वारा 500 रुपए की मांग करने और रकम स्वीकार करने की सहमति देने की पुष्टि हुई।

पंचों के सामने स्वीकार की रिश्वत

मंगलवार, 17 नवंबर को एसीबी की टीम ने अहमदपुर के भूमि अभिलेख कार्यालय में जाल बिछाया। पंचों की मौजूदगी में भू-करमापक अक्षय बुरांडे ने जैसे ही किसान से 500 रुपए स्वीकार किए, टीम ने उसे रंगेहाथ पकड़ लिया। आरोपी के खिलाफ अहमदपुर पुलिस थाने में अपराध क्रमांक 758/2026 के तहत भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम, 1988 की धारा 7 के अनुसार मामला दर्ज किया गया है। प्रकरण की जांच पुलिस निरीक्षक हनुमंत वारे कर रहे हैं।

रिश्वत मांगे तो 1064 पर करें शिकायत

यह कार्रवाई नांदेड परिक्षेत्र के एसीबी पुलिस अधीक्षक श्रीकृष्ण कोकाटे के मार्गदर्शन में की गई। इसमें लातूर एसीबी के उप अधीक्षक चंद्रकांत सिदाम माळी तथा पुलिस निरीक्षक हनुमंत वारे, संजय कोसरे और अन्य कर्मचारी शामिल थे।

एसीबी ने नागरिकों से अपील की है कि सरकारी काम के बदले कोई अधिकारी या कर्मचारी रिश्वत मांगता है तो टोल फ्री हेल्पलाइन नंबर 1064 पर शिकायत दर्ज कराएं।


Created On :  

Tags

Next Story