बुलढाणा जिला: कंटेनर की टक्कर से दोपहिया सवार 3 युवकों की मौत, पत्नी के साथ रिश्तेदार से मिलने जा रहे युवक की हत्या

डिजिटल डेस्क, खामगांव (बुलढाणा)। शेगांव से काम निपटाकर दोपहिया से घर लौट रहे 3 युवकों की कंटेनर की टक्कर में मौके पर ही मौत हो गई। यह भीषण हादसा रविवार, 15 नवंबर को रात करीब 8 बजे खामगांव-नांदूरा राष्ट्रीय राजमार्ग पर पारखेड़ मोड़ के समीप पेट्रोल पंप के पास हुआ। प्राप्त जानकारी के अनुसार, मलकापुर तहसील के हरणखेड़ निवासी दिगंबर चंद्रकांत इंगले, मयूर निवास होले और परेश सुरेश घुले दोपहिया क्रमांक एमएच 28 एसी 0341 से शेगांव से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान पारखेड़ मोड़ के पास सामने से आ रहे एक कंटेनर ने उनकी दोपहिया को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि तीनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए और उनकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे की सूचना मिलते ही जलंब पुलिस मौके पर पहुंची। तीनों युवकों को खामगांव के सामान्य अस्पताल ले जाया गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। इस दुर्घटना से हरणखेड़ गांव में शोक का माहौल है।
पत्नी के साथ रिश्तेदार से मिलने जा रहे युवक की चाकू मारकर हत्या
उधर पत्नी के साथ बीमार रिश्तेदार से मिलने जा रहे एक युवक की रास्ते में रोककर चाकू से हमला कर हत्या कर दी गई। यह सनसनीखेज वारदात रविवार, 15 नवंबर को शाम करीब 5 बजे बुलढाणा जिले की चिखली तहसील के टाकरखेड़ा मुसलमान में हुई। मृतक की पहचान गोपाल संजय पवार (30), निवासी टाकरखेड़ा मुसलमान के रूप में हुई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, गोपाल पवार अपनी पत्नी कोमल के साथ पांढरदेव में रहने वाले बीमार रिश्तेदार से मिलने जा रहे थे। इसी दौरान खेत के रास्ते में वरदड़ा निवासी अजय उर्फ गोट्या पवार ने उन्हें रोक लिया और चाकू से हमला कर दिया। हमले में गोपाल की छाती पर गंभीर चोटें आईं, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। इस मामले में पुलिस को मृतक की पत्नी कोमल पर भी हमलावर को गोपाल की जानकारी देने का संदेह है। वारदात के बाद अजय उर्फ गोट्या और कोमल दोनों मौके से फरार हो गए। हालांकि, हत्या के पीछे का वास्तविक कारण अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है। आपसी विवाद, पुरानी रंजिश और पत्नी की कथित भूमिका को लेकर क्षेत्र में चर्चाएं हो रही हैं। सूचना मिलते ही बुलढाणा के उपविभागीय पुलिस अधिकारी विलास यामावर, चिखली के थानेदार भूषण गावंडे, अमडापुर पुलिस स्टेशन के बालाजी सानप तथा पुलिसकर्मी विजय किटे पुलिस दल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने पंचनामा कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इस मामले में अमडापुर पुलिस स्टेशन में अपराध दर्ज किया गया है। फरार आरोपियों की तलाश के लिए पुलिस ने अलग-अलग टीमें गठित कर विभिन्न दिशाओं में रवाना की हैं। दिनदहाड़े हुई इस हत्या से टाकरखेड़ा मुसलमान में सनसनी फैल गई है। फिलहाल, पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।
Created On :  

