इंस्टाग्राम स्टोरी पर विवाद: घर से बुलाकर पिता-पुत्र को ले गए थे आरोपी, लात-घूंसों से पीटा, एक की मौत, 20 के खिलाफ मामला दर्ज - 15 गिरफ्तार

घर से बुलाकर पिता-पुत्र को ले गए थे आरोपी, लात-घूंसों से पीटा, एक की मौत, 20 के खिलाफ मामला दर्ज - 15 गिरफ्तार
  • 20 आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज, 15 गिरफ्तार
  • 16 वर्षीय छात्र की पोस्ट को लेकर शुरू हुआ था विवाद

डिजिटल डेस्क, मेहकर। सोशल मीडिया पर इंस्टाग्राम स्टोरी को लेकर शुरू हुआ विवाद हिंसक घटना में बदल गया। बुलढाणा जिले की मेहकर तहसील के भालेगांव में 16 वर्षीय छात्र और उसके पिता के साथ मारपीट किए जाने का मामला सामने आया है। इस घटना में गंभीर हालत में अस्पताल ले जाए गए पिता की मौत हो गई। मामले में मेहकर पुलिस ने 20 लोगों के खिलाफ अपराध दर्ज किया है, जिनमें से 15 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। शेष आरोपियों की तलाश जारी है।

भालेगांव निवासी विराज नीलेश निकम (16) अमरावती के शासकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज में प्रथम वर्ष का छात्र है। उसने 2 अक्टूबर को अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर छत्रपति शिवाजी महाराज की तस्वीर की पृष्ठभूमि में विवादित स्टोरी पोस्ट की थी। यह स्टोरी 24 घंटे बाद स्वतः डिलीट हो गई थी। शिकायत के अनुसार, इस पोस्ट को लेकर 3 अक्टूबर को मेहकर के एक युवक ने विराज को फोन कर जवाब मांगा था। विराज ने अपनी गलती स्वीकार करते हुए माफी भी मांग ली थी। इसके बावजूद युवक ने मेहकर आने पर सबक सिखाने की धमकी दी थी।

इसके बाद 10 नवंबर को विराज के रिश्तेदारों ने मेहकर जाकर संबंधित युवकों से मुलाकात की और विवाद सुलझाने का प्रयास किया। विराज ने भी भविष्य में ऐसी गलती नहीं करने का आश्वासन देते हुए दोबारा माफी मांगी। उसी दिन दोपहर में एक युवक ने फोन कर उसे इस बार माफ करने और भविष्य में गलती नहीं दोहराने की बात कही, लेकिन उसी दिन शाम करीब 6 बजे कुछ युवक मोटरसाइकिलों से विराज के घर पहुंचे। आरोप है कि उन्होंने विराज को घर से बाहर बुलाया और उसके साथ-साथ उसके पिता नीलेश निकम के साथ भी मारपीट की। पिता-पुत्र को गांव के वाटिका परिसर स्थित डॉ. बाबासाहब आंबेडकर की प्रतिमा के पास ले जाया गया। वहां दोबारा माफी मांगने के लिए कहते हुए दोनों पर लात-घूंसों से हमला किया गया।

शिकायत के मुताबिक, मारपीट के दौरान विराज ने आरोपियों को बताया कि उसके पिता के सीने में दर्द हो रहा है और उन्हें नहीं मारने की विनती की। इसके बावजूद आरोपियों ने मारपीट जारी रखी। इसी दौरान कुछ युवकों ने विराज के माफी मांगने का वीडियो भी बनाया और उसे सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी दी।

इसी घटनाक्रम के दौरान नीलेश निकम अचानक गश खाकर जमीन पर गिर पड़े। परिजन उन्हें चारपहिया वाहन से उपचार के लिए मेहकर के गाभणे अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। पिता की अचानक मौत से विराज गहरे सदमे में है।

अगले दिन विराज ने मेहकर पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत में कुल 20 लोगों पर मारपीट करने का आरोप लगाया गया है। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया है कि मारपीट की घटना के बाद ही उसके पिता की मौत हुई। मामले में भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत अपराध दर्ज किया गया है। मृतक नीलेश निकम के शव का पोस्टमार्टम मेहकर ग्रामीण अस्पताल में कराया गया।

पुलिस ने रात में ही जांच शुरू कर 20 में से 15 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। शेष आरोपियों की तलाश जारी है। अपर पुलिस अधीक्षक अमोल गायकवाड़ और उपविभागीय पुलिस अधिकारी संतोष खाड़े पूरे मामले पर नजर रखे हुए हैं। मामले की जांच मेहकर पुलिस निरीक्षक व्यंकटेश्वर आलेवार और पुलिस कर्मचारी कर रहे हैं।

Created On :  

Tags

Next Story