- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- लोनार
- /
- लोणार में भीषण आग से 7 किसानों के...
घटनाएं: लोणार में भीषण आग से 7 किसानों के घर जलकर खाक, गोठे में भी आग से लाखों का नुकसान

Lonar news. लोणार तहसील के वढव गांव में मंगलवार (28 अप्रैल) की मध्यरात्रि लगी भीषण आग ने पूरे क्षेत्र में हाहाकार मचा दिया। देखते ही देखते 6 से 7 किसानों के घर आग की लपटों में समा गए और उनकी जीवनभर की जमा पूंजी राख में तब्दील हो गई। सौभाग्य से इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई, लेकिन कई परिवार बेघर हो गए हैं और मदद की आस में हैं। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय विधायक ने मौके का दौरा किया। उनके साथ मेहकर के नगराध्यक्ष किशोर गारोले भी रात करीब डेढ़ बजे घटनास्थल पर पहुंचे और राहत कार्यों की निगरानी की। मेहकर और लोणार से दमकल विभाग की गाड़ियां तत्काल मौके पर पहुंचीं और तड़के करीब 4 बजे आग पर काबू पाया गया। इस दौरान तहसीलदार भूषण पाटील और एड. आकाश घोडे भी मौजूद रहे। प्रशासन को तत्काल राहत कार्य शुरू करने के निर्देश दिए गए हैं। वहीं विधायक ने प्रभावित परिवारों को उचित मुआवजा दिलाने का आश्वासन दिया है।
गोठे में आग से लाखों का नुकसान - स्प्रिंकलर पाइप, बांस और फसल सामग्री जलकर खाक
उधर संग्रामपुर तहसील के वासली क्षेत्र में बुधवार (28 अप्रैल) सुबह 10 बजे एक खेत में स्थित मवेशी के गोठे में भीषण आग लग गई। इस आग में करीब 4 लाख रुपये का नुकसान हुआ है। आग में 4 हजार बांस, गेहूं, रासायनिक खाद की बोरियां, सुपर फॉस्फेट, यूरिया, 41 स्प्रिंकलर पाइप, 7 ट्रॉली कुटार, केबल, स्प्रे पंप और संतरे के पेड़ जलकर खाक हो गए। सूचना मिलते ही जलगांव जामोद नगर पालिका की दमकल टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि तब तक भारी नुकसान हो चुका था। प्राथमिक जानकारी के अनुसार आग शॉर्ट सर्किट के कारण लगने की आशंका जताई जा रही है। यह खेत आदिवासी किसान जुम्मा पालकर का है, जो गांव से करीब 1 किमी दूर स्थित है। घटना के बाद स्थानीय प्रशासन ने मौके का निरीक्षण किया और पीड़ित किसान के लिए मुआवजे की मांग उठाई जा रही है।
Created On :   29 April 2026 8:58 PM IST







