- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- मालेगांव
- /
- मालेगांव में नसरीन बानो महापौर और...
Malegaon News: मालेगांव में नसरीन बानो महापौर और शान-ए-हिंद बने उपमहापौर
Malegaon News मालेगांव महानगरपालिका के बहुचर्चित महापौर और उपमहापौर चुनाव का परिणाम शनिवार को घोषित हो गया। इस्लाम पार्टी और समाजवादी पार्टी के गठबंधन ने शानदार जीत दर्ज करते हुए सत्ता पर कब्जा जमाया। नसरीन बानो खालिद शेख नई महापौर चुनी गईं, जबकि शान-ए-हिंद उपमहापौर चुने गए।
शनिवार को जिलाधिकारी एवं पीठासीन अधिकारी आयुष प्रसाद की अध्यक्षता मंह चुनाव प्रक्रिया संपन्न हुई। चुनाव को लेकर शहर में राजनीतिक सरगर्मी तेज थी, जिसे देखते हुए मनपा परिसर में भारी पुलिस बल तैनात किया गया था। महापौर के लिए नामांकन वापसी के बाद मैदान में केवल दो उम्मीदवार बचे थे। मतदान के दौरान इस्लाम पार्टी की नसरीन बानो को 43 मत मिले, जबकि शिवसेना की लता घोडके को मात्र 18 मतों से संतोष करना पड़ा। नसरीन बानो ने 25 मतों के बड़े अंतर से जीत हासिल की। वहीं उपमहापौर चुनाव में समाजवादी पार्टी के शान-ए-हिंद को 43 मत प्राप्त हुए, वहीं शिवसेना के एड. नीलेश काकडे को 18 मत मिले।
एमआईएम और भाजपा रही तटस्थ : इस चुनाव में सबसे रोचक मोड़ एमआईएम (21 नगरसेवक) और भाजपा (2 नगरसेवक) का रुख रहा। दोनों ही दलों के सदस्य मतदान के दौरान तटस्थ रहे, जिससे सत्ता की राह इस्लाम और सपा गठबंधन के लिए बेहद आसान हो गई। 84 सदस्यीय मालेगांव महानगरपालिका में जीत के लिए 43 का जादुई आंकड़ा जरूरी था। इस्लाम पार्टी और सपा के पास अपने 40 मत थे, जिन्हें कांग्रेस के 3 मतों का साथ मिलने से बहुमत प्राप्त हो गया।
मनपा सदन में दलीय स्थिति:
इस्लाम पार्टी 35
एमआईएम 21
शिवसेना 18
समाजवादी पार्टी 05
कांग्रेस 03
भाजपा 02
-शहर के विकास को सर्वोच्च प्राथमिकता
शहर के सर्वांगीण विकास को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाएगी। उन्होंने बताया कि पिछले एक वर्ष से जन्म प्रमाणपत्र के नाम पर गरीब और वंचित नागरिकों का शोषण किया जा रहा है, जिसे तुरंत रोका जाएगा और संबंधित नागरिकों की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान किया जाएगा। इसके साथ ही स्वास्थ्य सेवाओं, शैक्षणिक सुविधाओं तथा शहर की स्वच्छता व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ किया जाएगा। शहर के पूर्वी एवं पश्चिमी भागों के बीच किसी प्रकार का भेदभाव किए बिना समान रूप से विकास कार्य कराए जाएंगे। महापौर पद की जिम्मेदारी का निर्वहन पूरी निष्ठा और ईमानदारी से करेंगी। -नसरीन शेख, महापौर, मालेगांव
विकास एवं सुरक्षा पर विशेष बल
शहर के विकास तथा नागरिकों की सुरक्षा को विशेष महत्व दिया जाएगा। वे अल्पसंख्यक समाज से आते हैं, किंतु उनका उद्देश्य मालेगांव शहर का समग्र विकास करना है। शहर की पहचान बदलने के लिए बुनियादी सुविधाओं को मजबूत किया जाएगा और आम नागरिकों को आवश्यक मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। -शान-ए-हिंद, उपमहापौर, मालेगांव
यह भी पढ़े -मुस्लिम बहुत इलाके में चला AIMIM का जादू, कई सीटों पर बिगाड़ा कांग्रेस और एनसीपी का गेम, मालेगांव में बनी किंग मेकर
Created On :   7 Feb 2026 7:30 PM IST















