मुरैना में जमीनी विवाद को लेकर चली गोलियां, 3 महिलाओं सहित 6 की मौत, 3 गंभीर रूप से घायल

मुरैना में जमीनी विवाद को लेकर चली गोलियां, 3 महिलाओं सहित 6 की मौत, 3 गंभीर रूप से घायल
  • मुरैना के लेपा भिसोड़ा गांव की घटना
  • आरोपी मौके से फरार

डिजिटल डेस्क, मुरैना। मध्यप्रदेश के मुरैना जिले में एक परिवार के 6 लोगों की गोली मारकर हत्या कर दी गई। मरने वालों में तीन महिलाओं सहित 6 लोग शामिल हैं। वहीं अन्य तीन गंभीर रूप से घायल हुए हैं। जानकारी के मुताबिक घटना सिहोनियां थाना के अंतर्गत आने वाले लेपा भिसोड़ा गांव की है जहां दो परिवारों में 10 साल पुराना जमीनी विवाद चल रहा था। जिसके चलते यह घटना हुई। घटना के बाद से ही गांव व आसपास के इलाके में तनाव का माहौल है। वारदात की सूचना मिलते ही भारी पुलिस बल गांव में तैनात कर दिया गया है। एएसपी रायसिंह ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि गोलाबारी में 6 लोगों की मौत हो गई है। उनको शवों को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया गया है। वहीं घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। गांव में पुलिसफोर्स की तैनाती कर दी गई है। मामले की जांच की जा रही है।

हत्याकांड का वीडियो आया सामने

मुरैना में हुए इस हत्याकांड का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में कुछ लोग लाठियों से लोगों को पीटते नजर आ रहे हैं। वहीं कुछ बंदूक व लाठियां लेकर खड़े दिख रहे हैं। इस दौरान एक युवक अपनी बंदूक से एक के बाद एक 6 लोगों पर गोलियां चलाता है। गोली लगने के बाद 6 लोग जमीन पर गिर पड़े। जिस समय यह घटना हुई उस दौरान वहां बच्चे और महिलाएं भी थे। वीडियो में सुना जा सकता है कि एक महिला बच्चों से घर के अंदर आने के लिए कह रही है। जानकारी के मुताबिक वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से भाग गए हैं।

इन लोगों की हुई मौत

बताया जा रहा है कि मरने वाले सभी 6 लोग एक ही परिवार के हैं। इनके नाम लेस कुमारी, बबली सिंह तोमर, मधु कुमारी तोमर, गजेंद्र सिंह सिंह तोमर, सत्यप्रकाश तोमर और संजू सिंह तोमर हैं। वहीं घायल होने वालों में विनोद सिंह तोमर और वीरेंद्र सिंह तोमर हैं।

10 साल पुराना है विवाद

बता दें कि गांव के रंजीत तोमर और राधे तोमर के बीच 10 साल पहले से जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। जानकारी के मुताबिक साल 2014 में रंजीत तोमर के परिवार के सदस्यों ने राधे तोमर के परिवार के तीन सदस्यों की हत्या कर दी थी। जिसके बाद रंजीत अपने परिवार को लेकर गांव छोड़कर चला गया था। वह कुछ दिन पहले ही फिर से गांव में लौटा और आज सुबह बदला लेने की नीयत से राधे तोमर के परिवार पर हमला किया।

Created On :   5 May 2023 8:43 AM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story