घोषणा: शहीद जवानों के वारिसों को एक-एक करोड़, 5 जवानों के परिवारों के लिए 3.40 करोड़ की राशी

शहीद जवानों के वारिसों को एक-एक करोड़, 5 जवानों के परिवारों के लिए 3.40 करोड़ की राशी
  • ड्यूटी के दौरान दिव्यांग हुए 2 सैनिकों को 20-20 लाख
  • दिव्यांग हुए 2 सैनिकों को 20-20 लाख

डिजिटल डेस्क, मुंबई. देश की सुरक्षा के लिए कर्तव्य निभाते हुए शहीद हुए जवानों के परिवारों और ड्यूटी के दौरान दिव्यांग हुए सैनिकों को महाराष्ट्र सरकार ने आर्थिक सहायता मंजूर की है। तीन शहीद जवानों के वारिसों को एक-एक करोड़ रुपए और दिव्यांग हुए दो सैनिकों को 20-20 लाख रुपए, यानी कुल 3 करोड़ 40 लाख रुपए की सहायता दी जाएगी। सामान्य प्रशासन विभाग ने इस संबंध में शासनादेश जारी किया है। सरकार के निर्णय के अनुसार पूरी राशि 100 प्रतिशत सरकारी निधि से दी जाएगी। यह रकम ई-सीएस के माध्यम से सीधे लाभार्थियों के बैंक खातों में जमा की जाएगी। नायक अक्षय दिगंबर निकुरे जम्मू-कश्मीर के पुंछ जिले में ‘ऑपरेशन रक्षक’ के तहत ड्यूटी के दौरान 24 दिसंबर 2024 को हुए वाहन हादसे में शहीद हुए थे। फ्लाइट लेफ्टिनेंट पूर्वेश दुर्गकर असम के जोरहाट में 5 मार्च 2026 को ‘एसयू-30 एमकेआई’ लड़ाकू विमान की प्रशिक्षण उड़ान के दौरान हुए हादसे में शहीद हुए थे। उनके परिवार को भी 1 करोड़ रुपए दिए जाएंगे। सिपाही सुनील विठ्ठल गुजर अरुणाचल प्रदेश के अपर सियांग जिले में ‘ऑपरेशन स्नो लेपर्ड’ के तहत ड्यूटी के दौरान 13 मार्च 2025 को डोजर हादसे में शहीद हुए थे।

दिव्यांग हुए 2 सैनिकों को 20-20 लाख

ड्यूटी के दौरान घायल होकर दिव्यांग हुए दो सैनिकों के पुनर्वास के लिए भी सरकार ने 20-20 लाख रुपए मंजूर किए हैं। राइफलमैन मुजीबरहिमान अजीज चौधरी को ‘ऑपरेशन रक्षक’ के दौरान 20 अप्रैल 2024 को ग्रेनेड विस्फोट में दाहिने हाथ में चोट लगी थी। इसके चलते उन्हें 13% दिव्यांगता हुई। उन्हें 20 लाख रुपए की सहायता मिलेगी। इसी तरह सिपाही गणेश ज्ञानोबा पुरी को सिक्किम की फील्ड फायरिंग रेंज में 28 अप्रैल 2022 को ‘ऑपरेशन स्नो लेपर्ड’ के तहत प्रशिक्षण के दौरान पैर में गंभीर चोट लगी थी। उन्हें 20% दिव्यांगता हुई है। उन्हें भी 20 लाख रुपए मंजूर किए गए हैं। 5 जिलों से सीधे खातों में पहुंचेगी राशि लाभार्थियों के निवास के अनुसार चंद्रपुर, नागपुर, कोल्हापुर, सोलापुर और परभणी के जिला सैनिक कल्याण अधिकारियों के माध्यम से सहायता वितरित की जाएगी।

Created On :   23 Sept 2026 9:25 PM IST

Tags

Next Story