- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- मुंबई
- /
- गणपति के दरबार में अमित शाह, शिंदे...
गणेशोत्सव की धूम: गणपति के दरबार में अमित शाह, शिंदे के घर पहुंचे फडणवीस और लालबाग के राजा से भी लिया आशीर्वाद, सीएम की अपील - पर्यावरण संरक्षण के साथ मनाएं उत्सव

डिजिटल डेस्क, मुंबई. महाराष्ट्र में सोमवार से गणेशोत्सव की शुरुआत के साथ ही धार्मिक आस्था के बीच सियासी हलचल भी नजर आई। केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने मुंबई में मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के आवास पर पहुंचकर गणपति बप्पा के दर्शन किए और आरती में शामिल हुए। इसके बाद शाह अपनी पत्नी के साथ मुंबई के प्रसिद्ध लालबाग के राजा के दरबार में पहुंचे। उन्होंने बांद्रा के सार्वजनिक गणेशोत्सव में भी हाजिरी लगाई।
फडणवीस-शिंदे के घर शाह की मौजूदगी, नेताओं का जमावड़ा
अमित शाह के फडणवीस और शिंदे के आवास पर पहुंचने को गणेशोत्सव के धार्मिक माहौल के साथ-साथ महाराष्ट्र की सियासत के लिहाज से भी अहम माना जा रहा है। दोनों नेताओं के आवास पर शाह ने भक्तिभाव से बप्पा की आरती की। इस दौरान मंत्री मंगल प्रभात लोढ़ा, आशीष शेलार समेत कई नेता मौजूद रहे। शाह ने प्रार्थना की कि श्री गणराज की कृपादृष्टि महाराष्ट्र की जनता पर सदैव बनी रहे और प्रदेश का हर कोना सुख, समृद्धि एवं शांति से आलोकित हो।
लालबाग के राजा के दरबार में भी पहुंचे शाह
फडणवीस और शिंदे के आवास पर दर्शन के बाद अमित शाह लालबाग के राजा के दर्शन के लिए पहुंचे। मुंबई के सबसे प्रसिद्ध गणेश मंडलों में शामिल लालबाग के राजा के दर्शन के लिए हर साल बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं। शाह ने यहां भी पूजा-अर्चना कर महाराष्ट्र और देश की खुशहाली की कामना की।
नेताओं के घर भी बप्पा का आगमन
गणेशोत्सव के मौके पर मुंबई में कई बड़े नेताओं के घर गणपति बप्पा विराजे हैं। भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव विनोद तावड़े, मंत्री गिरीश महाजन, नितेश राणे और पंकजा मुंडे सहित कई नेताओं ने परिवार के साथ गणपति की स्थापना की। नेताओं के घरों पर कार्यकर्ताओं और समर्थकों की भी आवाजाही शुरू हो गई है।
आस्था के साथ सियासत का भी संदेश
महाराष्ट्र की राजनीति में गणेशोत्सव का अपना अलग महत्व है। सार्वजनिक गणेशोत्सव सामाजिक और राजनीतिक संपर्क का भी बड़ा माध्यम बन चुका है। हालांकि, नेताओं ने इस दौरान राजनीतिक बयानबाजी के बजाय गणपति बप्पा से महाराष्ट्र की सुख-शांति और समृद्धि की कामना को प्राथमिकता दी।
पर्यावरण संरक्षण के साथ पारंपरिक तरीके से मनाएं गणेशोत्सव: फडणवीस
मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने मुंबई स्थित अपने सरकारी आवास ‘वर्षा’ में परिवार के साथ भगवान श्रीगणेश की विधिवत स्थापना कर पूजा-अर्चना और आरती की। इस अवसर पर उन्होंने राज्य और देशभर के गणेशभक्तों को गणेशोत्सव की शुभकामनाएं दीं। फडणवीस ने कहा कि परंपराओं का संरक्षण और पर्यावरण की रक्षा के बीच संतुलन बनाना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। गणेशोत्सव का उत्साह मनाते समय पर्यावरण को नुकसान न पहुंचे, इसका सभी को ध्यान रखना चाहिए। उन्होंने गणेशभक्तों से पारंपरिक और पर्यावरणपूरक तरीके से उत्सव मनाने की अपील की। फडणवीस ने कहा कि गणेशोत्सव केवल धार्मिक अनुष्ठानों तक सीमित नहीं है, बल्कि यह समाज को एकजुट करने और भक्ति के साथ सामाजिक जिम्मेदारी की भावना मजबूत करने वाला पर्व है। मुंबई सहित पूरे महाराष्ट्र में गणेशोत्सव का उत्साह चरम पर है। उन्होंने विघ्नहर्ता गणेश से प्रार्थना की कि सभी के जीवन की बाधाएं दूर हों और देश, महाराष्ट्र तथा नागरिकों के सामने आने वाली समस्याओं का समाधान हो। किसानों समेत सभी वर्गों के जीवन में नवचैतन्य, सामर्थ्य और समृद्धि आए, ऐसी कामना भी मुख्यमंत्री ने की।
Created On :   14 Sept 2026 10:11 PM IST
Tags
- Mumbai News
- Thane News
- Navi Mumbai News
- Mira-Bhayandar News
- Kalyan-Dombivli News
- Vasai-Virar News
- Ulhasnagar News
- Bhiwandi News
- Panvel News
- Ambernath News
- Badlapur News
- Karjat News
- Alibaug News
- Palghar News
- Dahanu News
- South Mumbai News
- Dadar News
- Bandra News
- Andheri News
- Borivali News
- Malad News
- Goregaon News
- Kandivali News
- Kurla News
- Ghatkopar News
- Mulund News
- Chembur News
- Powai News
- Colaba News
- Byculla News
- Parel News
- Worli News
- Lower Parel News
- Santacruz News
- Vile Parle News
- Jogeshwari News
- Bhandup News
- Vikhroli











