आर्थिक संकट: अण्णासाहेब पाटील महामंडल फंड की कमी से संकट, मराठा युवा कर्ज के बोझ तले दबे - बैंक की किस्त भरने साहूकारों का सहारा

अण्णासाहेब पाटील महामंडल फंड की कमी से संकट, मराठा युवा कर्ज के बोझ तले दबे - बैंक की किस्त भरने साहूकारों का सहारा
  • महामंडल ने राज्य सरकार से की 400 करोड़ रुपए के अतिरिक्त फंड की मांग
  • बैंक की किस्त भरने के लिए साहूकारों का सहारा

Mumbai News. मराठा समाज के युवाओं को रोजगार और उद्यमिता से जोड़ने के उद्देश्य से शुरू किया गया अण्णासाहेब पाटील आर्थिक विकास महामंडल इन दिनों गंभीर आर्थिक संकट से गुजर रहा है। महामंडल की ओर से 15 लाख रुपए तक बिना ब्याज कर्ज देने की योजना शुरुआत में काफी सफल रही, लेकिन पिछले एक साल से लाभार्थियों को ब्याज की राशि समय पर वापस नहीं मिल रही है। इससे राज्यभर में मराठा समाज के युवाओं में नाराजगी बढ़ती जा रही है। महामंडल ने राज्य सरकार से 400 करोड़ रुपए के अतिरिक्त फंड की मांग की है। बताया जा रहा है कि यह राशि मिलने के बाद ही लंबित ब्याज रिफंड जारी किया जा सकेगा। तब तक हजारों युवा उद्यमियों पर बैंक की किस्तों का दबाव लगातार बढ़ता जा रहा है।

बैंक की किस्त भरने के लिए साहूकारों का सहारा

अण्णासाहेब पाटील महामंडल के अध्यक्ष नरेंद्र पाटील ने 'दैनिक भास्कर' को बताया कि पिछले एक वर्ष से महामंडल को राज्य सरकार से फंड नहीं मिल रहा है। पाटील ने कहा कि सरकार की ओर से ब्याज रिफंड नहीं मिलने से कई युवा उद्यमियों की आर्थिक स्थिति बिगड़ गई है। व्यवसाय बचाने और योजना से बाहर होने से बचने के लिए कई लाभार्थियों ने अब साहूकारों से कर्ज लेकर बैंक की ईएमआई भरना शुरू किया है। उन्होंने सरकार से तुरंत फंड जारी करने की मांग की है। पाटील ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द फंड जारी नहीं किया गया तो राज्यभर में आंदोलन शुरू किया जाएगा।

एक किस्त चूकी तो योजना से बाहर

महामंडल के नियमों के मुताबिक, लाभार्थी लगातार तीन किस्तें समय पर भरता है तो उसके ब्याज की राशि वापस खाते में जमा की जाती है। लेकिन यदि एक भी किस्त बकाया रह गई तो लाभार्थी हमेशा के लिए योजना से बाहर हो जाता है। इसी डर से हजारों युवाओं ने समय पर बैंक की किस्तें भरीं, लेकिन अब सरकार की ओर से ब्याज रिफंड रुकने से वे आर्थिक संकट में फंस गए हैं। लाभार्थियों का कहना है कि सरकार को जल्द से जल्द लंबित ब्याज राशि जारी करनी चाहिए।






Created On :   8 May 2026 9:36 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story