सांस्कृतिक पर्यटन: गणेशोत्सव देखने पहुंचे विभिन्न देशों के वाणिज्य दूत, विश्वभर में पहुंचेगी महाराष्ट्र की संस्कृति - देसाई

गणेशोत्सव देखने पहुंचे विभिन्न देशों के वाणिज्य दूत, विश्वभर में पहुंचेगी महाराष्ट्र की संस्कृति - देसाई
  • समृद्ध सांस्कृतिक परंपरा को विश्वभर तक पहुंचाने वाला है गणेशोत्सव
  • विभिन्न देशों के वाणिज्य दूतों ने मुंबई के प्रसिद्ध गणेश मंडलों में बप्पा के दर्शन किए

डिजिटल डेस्क, मुंबई। महाराष्ट्र की समृद्ध सांस्कृतिक परंपरा को विश्वभर तक पहुंचाने वाले गणेशोत्सव में विभिन्न देशों के वाणिज्य दूतों ने मुंबई के प्रसिद्ध गणेश मंडलों में बप्पा के दर्शन किए। फिनलैंड, फ्रांस, थाईलैंड, नॉर्वे, चीन, बेल्जियम, स्वीडन और मिस्र के प्रतिनिधियों ने इसमें सहभागिता की। पर्यटन मंत्री शंभूराज देसाई ने कहा कि गणेशोत्सव केवल धार्मिक उत्सव नहीं, बल्कि महाराष्ट्र के सांस्कृतिक वैभव, सामाजिक एकता और जनसहभागिता का प्रतीक है। इसके माध्यम से महाराष्ट्र की कला, परंपरा, इतिहास, लोकजीवन और आतिथ्यशीलता विश्वभर तक पहुंच रही है। अंतरराष्ट्रीय पर्यटकों को महाराष्ट्र के सांस्कृतिक पर्यटन का अनुभव कराने के लिए पर्यटन विभाग विभिन्न उपक्रम चला रहा है। विदेशी प्रतिनिधियों ने माटुंगा के जीएसबी गणपति, वडाला के जीएसबी सार्वजनिक गणेशोत्सव, गणेश गली के ‘मुंबईचा राजा’ और गिरगांव की केशवजी नाईक चाल में गणेश दर्शन किए। माटुंगा स्थित खालसा कॉलेज में उनका पारंपरिक फेटा पहनाकर स्वागत किया गया। इस अवसर पर राज्यमंत्री इंद्रनील नाईक, पर्यटन विभाग के अपर मुख्य सचिव संजय खंदारे, जिलाधिकारी आंचल गोयल सहित पर्यटन विभाग और एमटीडीसी के अधिकारी उपस्थित रहे। विदेशी प्रतिनिधियों को गणेशोत्सव की ऐतिहासिक परंपरा और महाराष्ट्र की लोकसंस्कृति की जानकारी दी गई।

Created On :   17 Sept 2026 9:48 PM IST

Tags

Next Story