जांच की मांग: दमानिया ने उठाया सवाल - चाकणकर राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष कैसे बनीं, इसको लेकर खुलासा होना चाहिए

दमानिया ने उठाया सवाल - चाकणकर राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष कैसे बनीं, इसको लेकर खुलासा होना चाहिए
  • शिंदे-तटकरे-केसरकर की भी हो जांच
  • सुनील तटकरे ने चाकणकर को बचाने की कोशिश की
  • सुर्खियों में बने रहने के लिए आरोप- चव्हाण

Mumbai News. सामाजिक कार्यकर्ता अंजली दमानिया ने एक बार फिर राकांपा (अजित) नेता एवं राज्य महिला आयोग की पूर्व अध्यक्ष रुपाली चाकणकर पर गंभीर आरोप लगाए हैं। दमानिया ने रविवार को पत्रकारों से बातचीत में कहा कि चाकणकर के आर्थिक व्यवहारों की अलग से जांच होनी चाहिए और यह भी सामने आना चाहिए कि वह राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष कैसे बनीं। उन्होंने अशोक खरात मामले में सटीक तरीके से जांच करने की मांग की।

सुनील तटकरे ने चाकणकर को बचाने की कोशिश की

अंजली दमानिया ने राकांपा (अजित) प्रदेशाध्यक्ष सुनील तटकरे पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि खुद तटकरे ने चाकणकर को बचाने की पूरी कोशिश की है। उन्होंने कहा कि तटकरे लगातार चाकणकर के समर्थन में खड़े हैं। यही कारण है कि चाकणकर का इस मामले में सीधा नाम सामने आने के बाद भी उन पर कोई कार्रवाई नहीं हो रही है। दमानिया ने कहा कि उन्होंने इस मामले की जांच कर रही एसआईटी प्रमुख तेजस्वी सातपुते से मांग की है कि चाकणकर की इस मामले में अलग से पूछताछ की जानी चाहिए। उनके मुताबिक, इस पूरे मामले में कई आर्थिक लेनदेन और संदिग्ध गतिविधियों की जांच होना जरूरी है। इस मामले में उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे, सुनील तटकरे और दीपक केसरकर की भी जांच जरुरी है।

सुर्खियों में बने रहने के लिए आरोप- चव्हाण

राकांपा (अजित) प्रवक्ता सूरज चव्हाण ने कहा कि दमानिया को सिर्फ आरोप लगाने की आदत है। चव्हाण ने कहा कि जब भी राज्य में कोई भी मामला सुर्खियों में आता है दमानिया उस पर बोलना शुरू कर देती हैं। यह सब मीडिया में सुर्खियां बटोरने की उनकी चाल है। चव्हाण ने कहा कि राज्य के मुख्यमंत्री और गृह मंत्री देवेंद्र फडणवीस के आदेश के बाद इस मामले की एसआईटी के जरिए जांच हो रही है। सब कुछ सामने आ जाएगा।

Created On :   10 May 2026 8:49 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story