बड़ा निशाना: खरात केस में 4 मंत्री शामिल, फडणवीस को सबूत देकर विधानसभा में उठाऊंगा मामला - नाना पटोले

खरात केस में 4 मंत्री शामिल, फडणवीस को सबूत देकर विधानसभा में उठाऊंगा मामला - नाना पटोले
  • खरात मामले में पैसे लेकर आरोपियों को बाहर निकाला जा रहा है- रोहित पवार
  • पुलिस से पहले दमानिया को जानकारी कैसे- शिरसाट
  • रोहित पवार का बड़ा खुलासा

Mumbai News. राज्य की राजनीति के चर्चित कथित ज्योतिष अशोक खरात के मामले में नया खुलासा हुआ है। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता नाना पटोले ने दावा किया है कि इस पूरे प्रकरण में देवेंद्र फडणवीस मंत्रिमंडल के चार मंत्री सीधे तौर पर शामिल हैं। पटोले ने कहा कि इन मंत्रियों के नाम और सबूत वह जल्द ही मुख्यमंत्री को पत्र के जरिए सौंपेंगे तथा उन्हें तत्काल मंत्रिमंडल से बर्खास्त करने की मांग करेंगे। इसके साथ ही वह इस मामले को विधानसभा के आगामी सत्र में उठाएंगे।

चार मंत्रियों की सीधी मिलीभगत

पटोले ने कहा कि कांग्रेस ने पहले भी विधानसभा में इस मुद्दे को उठाया था। उन्होंने आरोप लगाया कि अशोक खरात से लगातार पूछताछ की जा रही है, लेकिन उन्हें डर है कि जिस तरह अक्षय शिंदे की हत्या हुई थी, उसी तरह इस मामले में भी सबूत मिटाने की कोशिश हो सकती है। पटोले ने कहा कि खरात से हुई पूछताछ में इन चारों मंत्रियों की मिलीभगत सामने आई है। जिसके सबूत उनके हाथ में हैं। बहुत जल्द सच्चाई सामने आएगी। मैं जल्द ही राज्य के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस को इन चारों मंत्रियों के बारे में जानकारी दूंगा। इसके साथ ही विधानसभा के मॉनसून सत्र में इस मुद्दे को जोर शोर से उठाऊंगा।

रोहित पवार का बड़ा खुलासा

इसी मामले को लेकर राकांपा (शरद) विधायक रोहित पवार ने भी बड़ा दावा किया है। उन्होंने कहा कि इस प्रकरण में कई बड़े नेता, अधिकारी और कारोबारी फंसे हुए हैं तथा अब तक केवल एक फीसदी सच ही सामने आया है। रोहित ने कहा जो नाम सामने आए हैं, वे सिर्फ छोटे लोग हैं। अभी कई बड़े चेहरे सामने आना बाकी हैं। यह मामला राज्य के इतिहास का सबसे काला अध्याय साबित हो सकता है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि जांच से नाम हटवाने के लिए बड़ा आर्थिक रैकेट काम कर रहा है। कुछ लोगों को फर्जी तरीके से शिकायत दर्ज कराने की सलाह देकर उन्हें जांच से बाहर निकाला जा रहा है। उन्होंने गृहमंत्री से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है।

पुलिस से पहले दमानिया को जानकारी कैसे- शिरसाट

वहीं इस पूरे विवाद पर मंत्री संजय शिरसाट ने सवाल उठाते हुए कहा कि सामाजिक कार्यकर्ता अंजली दमानिया को पुलिस से पहले मामले की जानकारी कैसे मिल रही है। शिरसाट ने कहा कि जांच एजेंसियां अपना काम कर रही हैं, लेकिन कुछ लोग लगातार मीडिया में जानकारी लीक कर माहौल बनाने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने इस पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की भी मांग की।

क्या है अशोक खरात मामला?

नाशिक का कथित ज्योतिष अशोक खरात मामला पिछले कुछ दिनों से लगातार विवादों में है। उस पर महिलाओं का यौन शोषण, अंधविश्वास फैलाने और आर्थिक धोखाधड़ी जैसे गंभीर आरोप लगे हैं। सोशल मीडिया पर उसके कई आपत्तिजनक वीडियो भी वायरल हुए हैं। पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि खरात ने कथित दैवी शक्तियों का दावा कर कई महिलाओं का शोषण किया और करोड़ों की संपत्ति जुटाई। कुछ व्यवसायियों के साथ ठगी और आर्थिक घोटाले के आरोप भी उस पर लगे हैं। इसके साथ ही राज्य महिला आयोग की पूर्व अध्यक्ष रुपाली चाकणकर के भी खरात से करीबी संबंधों की चर्चा है, जिसकी जांच जारी है।

Created On :   10 May 2026 9:09 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story