हलचल: एकनाथ शिंदे और संजय दीना पाटील की मुलाकात ने ऑपरेशन टाइगर को दी हवा, आनन-फानन में उद्धव ने दो विधायकों को पाटील के पास भेजा

एकनाथ शिंदे और संजय दीना पाटील की मुलाकात ने ऑपरेशन टाइगर को दी हवा, आनन-फानन में उद्धव ने  दो विधायकों को पाटील के पास भेजा
  • मुलाकात ने ऑपरेशन टाइगर को दी हवा
  • एकनाथ शिंदे और संजय दीना पाटील की मुलाकात
  • राजनीति में इन दिनों लगातार नई हलचलें देखने को मिल रही हैं

Mumbai News. प्रदेश की राजनीति में इन दिनों लगातार नई हलचलें देखने को मिल रही हैं। पिछले कुछ समय में दल-बदल की घटनाओं के बीच अब शिवसेना (शिंदे) के कथित “ऑपरेशन टाइगर” की चर्चा फिर तेज हो गई है। इसी बीच उद्धव गुट के सांसद संजय दीना पाटील और उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के एक साथ एक गाडी में सफर करने की खबर ने राजनीतिक गलियारों में हलचल मचा दी है। मामले की नजाकत को देखते हुए शिवसेना (उद्धव) पक्ष प्रमुख उद्धव ठाकरे ने खुद मोर्चा संभाल लिया है।

क्या है मामला?

दरअसल उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे और शिवसेना (उद्धव) सांसद संजय दीना पाटील मंगलवार को मुलुंड इलाके में एक ही गाड़ी में सफर करते हुए देखे गए। जानकारी के मुताबिक कुछ दिन पहले पाटील की पत्नी का एक्सीडेंट हो गया था, जिनका मुलुंड के फोर्टिस अस्पताल में इलाज चल रहा है। पाटील की पत्नी का हालचाल जानने के लिए एकनाथ शिंदे अस्पताल पहुंचे थे। मुलाकात के बाद जब शिंदे वहां से निकले, तभी संजय दीना भी उनकी गाड़ी में बैठकर रवाना हुए। इस मुलाकात की जानकारी सामने आते ही राजनीतिक चर्चाओं को नया मुद्दा मिल गया।

उद्धव ठाकरे ने किया फोन

इस मुलाकात के बाद पार्टी प्रमुख उद्धव ठाकरे ने अपने सांसद पाटील को फोन कर उनकी पत्नी का हालचाल जाना और दुर्घटना को लेकर भी बातचीत भी की। इसके बाद उद्धव गुट के दो विधायक सचिन अहीर और मिलिंद नार्वेकर भी अस्पताल पहुंचे और पाटील से मुलाकात की। लेकिन सवाल उठ रहा है कि अपने सांसद की पत्नी का हालचाल जानने उद्धव गुट के नेता शिंदे से पहले क्यों नहीं पहुंचे।

‘ऑपरेशन टाइगर’ पर फिर चर्चा तेज

हालांकि शिंदे की पाटील से एक मित्र के तौर पर अस्पताल में मुलाकात करना सामान्य माना जा रहा है। लेकिन दोनों नेताओं का एक साथ गाड़ी में सफर करना राजनीतिक रूप से अहम माना जा रहा है। इसी वजह से “ऑपरेशन टाइगर” की चर्चाएं एक बार फिर तेज हो गई हैं। इससे पहले भी खबरें सामने आई थीं कि उद्धव गुट के कुछ सांसद शिंदे के संपर्क में हैं और ठाणे में इन सांसदों ने शिंदे से मुलाकात भी की थी। ऐसे में इस घटना ने राजनीतिक अटकलों को और हवा दे दी है।

Created On :   6 May 2026 10:17 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story