उठाई मांग: वर्षा गायकवाड़ ने कहा - शक्ति कानून जल्द लागू करे सरकार, राज्य को पूर्णकालिक गृहमंत्री मिले

वर्षा गायकवाड़ ने कहा - शक्ति कानून जल्द लागू करे सरकार, राज्य को पूर्णकालिक गृहमंत्री मिले
  • मुंबई कांग्रेस अध्यक्ष ने राज्यपाल जिष्णु देव वर्मा को पत्र लिखकर की मांग
  • शक्ति कानून जल्द लागू करे सरकार, राज्य को पूर्णकालिक गृहमंत्री मिले

Mumbai News. राज्य में बिगड़ती कानून-व्यवस्था और महिलाओं पर बढ़ते अत्याचारों को लेकर मुंबई कांग्रेस अध्यक्ष और सांसद वर्षा गायकवाड़ ने राज्यपाल जिष्णु देव वर्मा को पत्र लिखकर ‘शक्ति’ कानून जल्द लागू करने और राज्य को पूर्णकालिक गृहमंत्री देने की मांग की है। अपने पत्र के जरिए गायकवाड़ ने कहा कि महाराष्ट्र कभी कानून-व्यवस्था के मामले में अग्रणी राज्य माना जाता था और मुंबई महिलाओं के लिए सुरक्षित शहर की पहचान रखता था, लेकिन पिछले कुछ वर्षों में यह छवि धूमिल हो गई है। महिलाओं और बच्चियों के खिलाफ बढ़ती घटनाएं चिंता का विषय हैं और सरकार को इस पर सख्त कदम उठाने की जरूरत है।

गायकवाड़ ने पुणे जिले के नसरापुर में 4 साल की बच्ची के साथ दुष्कर्म और हत्या की घटना को बेहद दर्दनाक और झकझोरने वाला बताया। इसके अलावा चाकण, बदलापुर और मुंबई के साकीनाका जैसी घटनाओं का भी जिक्र करते हुए कहा कि ये घटनाएं दर्शाती हैं कि राज्य में महिलाएं कहीं भी सुरक्षित नहीं हैं। न घर में, न स्कूल में। गायकवाड़ ने आंकड़ों का हवाला देते हुए कहा कि महाराष्ट्र महिला अत्याचार के मामलों में देश में दूसरे स्थान पर पहुंच गया है और मुंबई में भी ऐसे अपराधों में लगभग 13 फीसदी की वृद्धि दर्ज की गई है। इसमें बलात्कार, छेड़छाड़ और पॉक्सो के तहत आने वाले अपराध शामिल हैं। उन्होंने कहा कि महाविकास आघाड़ी सरकार के दौरान पारित ‘शक्ति’ कानून में 21 दिनों के भीतर दोषियों को फांसी देने का प्रावधान है, लेकिन यह कानून पिछले तीन वर्षों से केंद्र सरकार के पास मंजूरी के लिए लंबित है। उन्होंने राज्यपाल से हस्तक्षेप कर इस कानून को जल्द लागू कराने की मांग की। साथ ही उन्होंने यह भी मुद्दा उठाया कि राज्य में पूर्णकालिक गृहमंत्री नहीं है और गृह विभाग का जिम्मा मुख्यमंत्री के पास होने के कारण कानून-व्यवस्था पर पर्याप्त ध्यान नहीं दिया जा रहा है। इसलिए राज्य को एक सक्षम और पूर्णकालिक गृहमंत्री दिया जाना आवश्यक है।

बच्चियों के साथ यौन शोषण के बढ़ते मामलों पर विशेष अधिवेशन बुलाए सरकार- रोहित पवार

राज्य में छोटी बच्चियों के साथ बढ़ते यौन शोषण और हत्याओं के मामलों को लेकर राकांपा (शरद) विधायक रोहित पवार ने राज्य सरकार पर गंभीर सवाल उठाए हैं। नसरापुर में 4 साल की बच्ची के साथ दुष्कर्म और हत्या की घटना का हवाला देते हुए रोहित ने कहा कि राज्य में अब छोटी बच्चियां भी सुरक्षित नहीं हैं। इसलिए सरकार से मेरी मांग है कि विधानमंडल का एक तत्काल विशेष अधिवेशन बुलाया जाए और उसमें ‘शक्ति कानून’ को जल्द लागू किया जाए। उन्होंने कहा कि सख्त कानून ही ऐसे अपराधों पर लगाम लगा सकता है। ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए सिर्फ निंदा नहीं, बल्कि तेज और कठोर कानूनी कार्रवाई जरूरी है। इसलिए सरकार को तुरंत कदम उठाकर कानून लागू करना चाहिए।

Created On :   6 May 2026 10:03 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story