मराठी बयान पर विवाद: संजय दत्त ने मंत्री प्रताप सरनाईक को किया फोन, मराठी में बोले जय महाराष्ट्र, दही हांड़ी कार्यक्रम में मजाक में कही थी बात

संजय दत्त ने मंत्री प्रताप सरनाईक को किया फोन, मराठी में बोले जय महाराष्ट्र, दही हांड़ी कार्यक्रम में मजाक में कही थी बात
  • बोले- दही हांड़ी कार्यक्रम में मजाक में कही थी बात
  • मराठी बयान पर विवाद के बाद दी सफाई

डिजिटल डेस्क, मुंबई. फिल्म अभिनेता संजय दत्त ने राज्य के परिवहन मंत्री प्रताप सरनाईक को फोन कर दही हांड़ी कार्यक्रम के दौरान मराठी भाषा को लेकर दिए अपने बयान पर सफाई दी है। संजय दत्त ने फोन की शुरुआत प्रताप भाई, जय महाराष्ट्र कहकर मराठी में की। उन्होंने कहा कि दही हांडी के मंच पर उन्होंने जो बात कही थी, वह केवल मजाक के तौर पर कही गई थी और उन्हें अच्छी मराठी आती है। दरअसल ठाणे में सरनाईक की ओर से आयोजित दही हंडी कार्यक्रम में संजय दत्त भी शामिल हुए थे। दत्त ने कार्यक्रम में मराठी बोलने में असमर्थता जताई थी। सरनाईक द्वारा संजय दत्त से हिंदी में बात करने को लेकर विवाद हो गया था।

मेरे बयान से गलत संदेश गया हो तो माफी

संजय दत्त ने कथित तौर पर कहा कि दही हांडी के मंच पर उन्होंने जो कुछ कहा था, वह सिर्फ मजाक था। मुझे अच्छी मराठी आती है। मेरे बोलने से अगर कोई गलत संदेश गया हो तो मैं दिल से खेद व्यक्त करता हूं। उन्होंने यह भी कहा कि उनका परिवार मुंबई से जुड़ा हुआ है और वह इसी मिट्टी में पले-बढ़े हैं। महाराष्ट्र ने उन्हें जिंदगी में बहुत कुछ दिया है और वह महाराष्ट्र की संस्कृति एवं लोगों का सम्मान करते हैं।

बालासाहेब ठाकरे को भी किया याद

बातचीत के दौरान संजय दत्त ने शिवसेना प्रमुख बालासाहेब ठाकरे को भी याद किया। उन्होंने कहा कि उनके और उनके परिवार के मुश्किल दौर में बालासाहेब ठाकरे मजबूती से उनके परिवार के साथ खड़े रहे थे। संजय दत्त ने बालासाहेब के प्रति कृतज्ञता भी व्यक्त की।

संजय ने कहा था 6 साल जेल में रहा, फिर भी मराठी नहीं सीख पाया

दही हांडी के कार्यक्रम में संजय दत्त ने मंच से कहा था कि प्रताप भाई, मैं छह साल येरवडा जेल में रहा, फिर भी मराठी सीख नहीं पाया। उनके इस बयान के बाद सोशल मीडिया पर चर्चा शुरू हो गई। लोगों ने सरनाईक की आलोचना की थी और कहा था कि क्या सिर्फ रिक्शा और टैक्सी चालकों के लिए ही मराठी सीखना जरूरी है?

Created On :   10 Sept 2026 8:55 PM IST

Tags

Next Story