ध्वनि प्रदूषण: 30 मिनट में होगी कार्रवाई, महानगर पालिका ने शिकायत के लिए एप बनाया, पुलिस करेगी जांच

30 मिनट में होगी कार्रवाई, महानगर पालिका ने शिकायत के लिए एप बनाया, पुलिस करेगी जांच
  • पोर्टल पर करना होगा रजिस्ट्रेशन
  • फोन से भी सूचना की सुविधा

Nagpur News. महानगर पालिका ने गुरुवार को ध्वनि प्रदूषण मुक्त नागपुर एप्लीकेशन क्रियान्वित किया है। इससे ध्वनि प्रदूषण की शिकायतों पर चंद मिनटों में कार्रवाई संभव हो सकेगी। इस कार्रवाई की पूरी जानकारी शिकायतकर्ता को मोबाइल पर मिलेगी। मनपा की वेबसाइट पर मोबाइल एप में शिकायत करने की सुविधा भी मिलेगी। शिकायत पर जिम्मेदार पुलिस अधिकारी को 30 मिनट के भीतर कार्रवाई करनी होगी।

पोर्टल पर करना होगा रजिस्ट्रेशन

पोर्टल पर वीडियो, डेसिबल उल्लंघन समेत फोटो मौजूद होने से शिकायत से जुड़े तथ्याें की जांच आसानी से संभव होगी। पुलिस के साथ ही महाराष्ट्र प्रदूषण नियंत्रण मंडल और जिलाधिकारी कार्यालय को भी शिकायतों का ब्यौरा उपलब्ध रहेगा। मनपा के आईटी अधिकारी स्वप्निल लोखंडे ने पोर्टल और मोबाइल एप को तैयार किया है। पोर्टल के मुख्य पेज में नागरिकों को इस्तेमाल से पहले स्वयं का नाम, ईमेल, मोबाइल नंबर के साथ रजिस्टर्ड करना होगा। उसके बाद पोर्टल में शिकायत दर्ज कराने के विकल्प पर जाना होगा और जरूरी प्रक्रिया पूरी करनी होगी।

फोन से भी सूचना की सुविधा

एप में पुलिस निरीक्षक के साथ ही पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना देने की सुविधा है। फोन पर मिलने वाली शिकायत को कंट्रोल रूम में देखकर संबंधित पुलिस स्टेशन को भेजा जा सकता है। दूसरी ओर सर्विस लेवल एग्रीमेंट में निर्धारित अवधि में तीन स्तर पर कार्रवाई नहीं होने पर अतिरिक्त पुलिस आयुक्त से संबंधित अधिकारी पर कार्रवाई भी संभव होगी। सभी शिकायतों का डैशबोर्ड मनपा आयुक्त, विभागीय आयुक्त, जिलाधिकारी और पुलिस आयुक्त को साझा किया जाएगा, जिसमें जोन स्तर पर मिली शिकायतों, स्थिति विवरण, 7 दिनों में प्राप्त शिकायतें और निराकरण को देख सकेगें।

Created On :   4 Sept 2026 6:05 PM IST

Tags

Next Story