कमरे हमेशा बुक: रवि भवन में महीनों से जमे हुए हैं अधिकारी, प्रतिदिन 100 रुपए शुल्क होने से नहीं छूट रहा मोह

रवि भवन में महीनों से जमे हुए हैं अधिकारी, प्रतिदिन 100 रुपए शुल्क होने से नहीं छूट रहा मोह
  • नाम बदल कर बुक किए जाते हैं कमरे
  • विभाग के संबंधित अधिकारियों से रिपोर्ट मांगी जाएगी

Nagpur News. शासकीय दौरे पर व तबादले पर नागपुर आने वाले शासकीय अधिकारियों को ठरहने के लिए रवि भवन में 82 वातानुकूलित कमरे बनाए गए हैं। हर कमरे में एसी, पंखे के अलावा डबल बेड लगा हुआ है। शासकीय अधिकारी के लिए एक दिन का किराया महज 100 रुपए है। रवि भवन में करीब दो दर्जन कमरे ऐसे हैं, जो हमेशा बुक रहते हैं। इस कारण कई बार पात्र व्यक्ति को रवि भवन में कमरा नहीं मिल पाता है।

तहकीकात करूंगा

लक्ष्मीकांत राउलकर, कार्यकारी अभियंता, लोककर्म विभाग डिविजन-1 के मुताबिक शासकीय अधिकारी यहां ठहर सकते हैं, लेकिन इसकी एक सीमा होती है। एक सप्ताह-दो सप्ताह तक ठीक है, लेकिन लंबे समय तक जमे रहना ठीक नहीं है। इस बारे में शिकायत प्राप्त नहीं हुई है, लेकिन विभाग के संबंधित अधिकारियों से रिपोर्ट मांगी जाएगी। शिकायत मिली, तो थर्ड पार्टी वेरिफिकेशन करके कार्रवाई की जाएगी। हर पात्र व्यक्ति या अधिकारी को यहां कमरा मिलना चाहिए। बुकिंग फुल रहने पर पात्र व्यक्ति को भी बाहर जाना पड़ता है। मामला गंभीर लग रहा है और अपने स्तर पर तहकीकात करूंगा।

सरकार के साथ धोखा

तबादले पर आए अधिकारी को तुरंत सरकारी आवास या क्वार्टर उपलब्ध नहीं होता। ऐसे समय अस्थायी तौर पर अधिकारी यहां रह सकते हैं। इनसे हर दिन का महज 100 रुपए शुल्क लेने का नियम है। कुछ अधिकारी ऐसे हैं, जो महीने से रवि भवन में रह रहे हैं। ये अधिकारी कभी अपने नाम से, तो कभी साथी अधिकारी के नाम से कमरे बुक करके रहते हैं। सरकार के साथ यह एक तरह से धोखा है। लोक कर्म विभाग को इसकी जानकारी है, लेकिन अधिकारियों से कोई उलझना नहीं चाहता।

7 दिन बाद दोगुना शुल्क

कोई अधिकारी 7 दिन से ज्यादा रवि भवन में रहा, तो उनसे प्रतिदिन 200 रुपए शुल्क लेने का नियम है। अधिकारी एक सप्ताह 200 रुपए शुल्क देते हैं आैर फिर किसी अन्य अधिकारी के नाम से कमरा बुक करके प्रतिदिन शुल्क 100 रुपए देते हैं। यह प्रक्रिया पिछले कई महीने से चल रही है। हर अधिकारी के शहर में 4-5 दोस्त हैं, जो अलग-अलग विभागों में पदस्थ हैं आैर नाम-बदल बदलकर कमरा बुक करने का खेल चल रहा है। सरकार हर कर्मचारी व अधिकारी को घर भाड़ा भत्ता देती है। अधिकारी को हर महीने 15 हजार से ज्यादा एचआरए दिया जाता है। उस हिसाब से रवि भवन में हर दिन का 100 रुपए शुल्क बहुत मामूली है।

Created On :   4 Sept 2026 6:34 PM IST

Tags

Next Story