Nagpur News: खोपडे ने कहा - तेंदुए के हमले में घायलों के उपचार का खर्च उठाएगी सरकार, फिर मिली विधायक खोपडे को धमकी

खोपडे ने कहा - तेंदुए के हमले में घायलों के उपचार का खर्च उठाएगी सरकार, फिर मिली विधायक खोपडे को धमकी
  • पूर्व मनपा आयुक्त मुंढे को निलंबित करने की मांग
  • तेंदुए के हमले में 7 लोग घायल हुए हैं
  • घायलों के उपचार का खर्च उठाएगी सरकार

Nagpur News. तेंदुए के हमले में 7 लोग घायल हुए हैं और उनका इलाज निजी अस्पताल में चल रहा है। विधायक कृष्णा खोपडे ने अस्पताल पहुंचकर घायलों से मुलाकात की और उनके घर जाकर परिजनों को हरसंभव मदद का भरोसा दिया। खोपडे ने वन मंत्री गणेश नाईक से मिलकर घायलों के इलाज का पूरा खर्च सरकार द्वारा उठाए जाने और आर्थिक सहायता देने की मांग की। उन्होंने बताया कि सरकार उपचार का पूरा खर्च वहन करेगी, और आर्थिक मदद देने पर भी विचार चल रहा है। भाजपा विधायक कृष्णा खोपडे ने दावा किया कि मंगलवार रात एक बार फिर उन्हें धमकी मिली। उनका आरोप है कि धमकी देने वाला व्यक्ति पूर्व मनपा आयुक्त तुकाराम मुंढे का कार्यकर्ता है। खोपडे ने बताया कि इस संबंध में मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, पुलिस आयुक्त और सीताबर्डी पुलिस को पूरी जानकारी दे दी गई है।

विधान भवन परिसर में मीडिया से चर्चा करते हुए खोपडे ने आरोप लगाया कि मुंढे ने नागपुर में रहते हुए स्मार्ट सिटी परियोजना में करोड़ों रुपये का भ्रष्टाचार किया। स्मार्ट सिटी की एक महिला अधिकारी ने उनके खिलाफ सदर थाने में एफआईआर भी दर्ज कराई थी। खोपडे ने कहा कि उन्होंने मुंढे के खिलाफ विधानसभा में ध्यानाकर्षण प्रस्ताव लगाया था, जिससे चिढ़कर उन्हें धमकाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि मंगलवार रात 10:47 बजे उन्हें मोबाइल पर कॉल आया और मुंढे के मुद्दे से दूर रहने की चेतावनी दी गई। इस बार धमकी देने वाला नया व्यक्ति था, जबकि पहले दो बार धमकाने वाले अलग थे। उन्होंने दोहराया कि उन्होंने यह पूरा मामला मुख्यमंत्री और पुलिस को अवगत करा दिया है।

विधायक खोपडे ने मांग की कि आईएएस अधिकारी तुकाराम मुंढे को निलंबित किया जाए, और धमकी देने वाले के साथ-साथ मुंढे पर भी मामला दर्ज किया जाए। कांग्रेस नेता विजय वडेट्टीवार द्वारा मुंढे का समर्थन करने के सवाल पर उन्होंने कहा कि संभवतः वडेट्टीवार और मुंढे के बीच अच्छे संबंध हों। खोपडे ने यह भी बताया कि बीड में इस मामले में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किए जाने की सूचना मिली है।


Created On :   10 Dec 2025 9:49 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story