- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- नागपुर
- /
- नागपुर एयरपोर्ट की कमाई को लगे...
Nagpur News: नागपुर एयरपोर्ट की कमाई को लगे पंख,आरटीआई से हुआ खुलासा

Nagpur News डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर यात्रियों की बढ़ती आवाजाही ने वर्ष 2025 में आमदनी के नए रिकॉर्ड कायम किए हैं। यात्री संख्या में उल्लेखनीय वृद्धि के साथ-साथ एयरपोर्ट की कमाई में भी भारी इजाफा दर्ज किया गया है। सूचना के अधिकार अधिनियम के तहत प्राप्त जानकारी के अनुसार, 1 जनवरी से 31 दिसंबर 2025 के बीच नागपुर एयरपोर्ट से 29.37 लाख से अधिक यात्रियों ने हवाई यात्रा की। इस अवधि में एयरपोर्ट को कुल 301.33 करोड़ रुपये की रिकॉर्ड आमदनी हुई है। यह जानकारी आरटीआई कार्यकर्ता अभय कोलारकर द्वारा पूछे गए सवालों के जवाब में सामने आई है।
मुसाफिर संख्या में रिकॉर्ड इजाफा : वर्ष 2025 में नागपुर एयरपोर्ट पर यात्रियों की संख्या बढ़कर 29.37 लाख तक पहुंच गई, जबकि वर्ष 2024 में यह आंकड़ा 25.12 लाख था। इनमें से 14.78 लाख यात्री प्रस्थान करने वाले और 14.58 लाख आगमन करने वाले रहे। व्यावसायिक यात्रा, पर्यटन और राजनीतिक गतिविधियों के चलते विमानों की आवाजाही में भी तेजी आई है। वर्तमान में प्रतिदिन औसतन 9 हजार से अधिक यात्री नागपुर एयरपोर्ट से सफर कर रहे हैं। वहीं दैनिक उड़ानों की संख्या लगभग 60 तक पहुंच गई है।
किस स्रोत से कितनी कमाई : आरटीआई के तहत मिली जानकारी के अनुसार, एयरपोर्ट की आय तीन प्रमुख स्रोतों से हुई है। यात्रियों से जुड़े शुल्क जैसे यूज़र डेवलपमेंट फीस, टिकट संबंधी चार्ज और टर्मिनल सेवाओं से 137.69 करोड़ रुपये की आमदनी दर्ज की गई। वहीं, विमानों की आवाजाही से जुड़े लैंडिंग चार्ज, पार्किंग शुल्क और अन्य एयरोनॉटिकल सेवाओं से 163.64 करोड़ रुपये की कमाई हुई। इसके अलावा नॉन-एयरोनॉटिकल रेवेन्यू के तहत शॉपिंग एरिया, फूड काउंटर, विज्ञापन, कार पार्किंग और अन्य व्यावसायिक गतिविधियों से भी एयरपोर्ट को अतिरिक्त आय प्राप्त हुई।
टूरिस्ट, बिजनेस व पॉलिटिकल मूवमेंट बढ़ा विशेषज्ञों के अनुसार, नागपुर एयरपोर्ट पर यात्रियों की संख्या बढ़ने के पीछे कई अहम कारण रहे हैं। मेट्रो शहरों से बेहतर कनेक्टिविटी, नई उड़ानों की शुरुआत और मौजूदा फ्लाइट्स की फ्रीक्वेंसी बढ़ने से यात्रियों को अधिक विकल्प मिले। मिहान परियोजना के तहत आईटी, लॉजिस्टिक्स और औद्योगिक गतिविधियों में तेजी आने से बिजनेस ट्रैवल में भी वृद्धि हुई। इसके अलावा त्योहारों, शादियों के सीजन और पर्यटन गतिविधियों ने घरेलू यात्रियों की संख्या बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
यह भी पढ़े -काली दौलत में जल्द उपलब्ध होगी बैंकिंग सुविधा, संजय देशमुख की मांग पर वित्त मंत्री ने किया आश्वस्त
Created On :   5 Feb 2026 2:39 PM IST














