टूटेगा 10 वर्ष का रिकॉर्ड!: नागपुर में रिकॉर्ड तोड़ गर्मी की आहट, 46 डिग्री तक पहुंच सकता है शहर का पारा - तापमान 47°C तक पहुंचने की संभावना

नागपुर में रिकॉर्ड तोड़ गर्मी की आहट, 46 डिग्री तक पहुंच सकता है शहर का पारा - तापमान 47°C तक पहुंचने की संभावना
  • सीजनल बारिश और गरज-चमक से मिलेगी राहत
  • नागपुर में पारा 46 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की संभावना
  • विदर्भ के कुछ हिस्सों में यह 47 डिग्री तक भी जा सकता

Nagpur News. मई माह की शुरुआत ने भीषण गर्मी का संकेत दे दिया है। इस बार तापमान पिछले 10 वर्षों का रिकॉर्ड तोड़ सकता है। मौसम विभाग के अनुसार नागपुर में पारा 46 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की संभावना है, जबकि विदर्भ के कुछ हिस्सों में यह 47 डिग्री तक भी जा सकता है। हालांकि बीच-बीच में सीजनल बारिश, गरज-चमक और तेज हवाओं के चलते लोगों को हल्की राहत मिलती रहेगी।

मई में क्यों बढ़ती है गर्मी

मई महीना नागपुर में हर साल सबसे गर्म माना जाता है और इसी दौरान साल का अधिकतम तापमान दर्ज होता है। सतही हवाएं आमतौर पर उत्तर-पश्चिम दिशा से चलती हैं, जो दोपहर के बाद तेज होकर गर्मी को और असहनीय बना देती हैं। कई बार गरज-चमक के साथ हल्की बारिश होती है, जिससे तापमान में गिरावट आती है और कुछ समय के लिए राहत मिलती है।

हीट वेव का खतरा कम : इस साल मई ‘सामान्य’ श्रेणी में रहने की संभावना है, यानी अत्यधिक लू जैसी स्थिति कम देखने को मिलेगी। जब तापमान सामान्य से 4.5 से 6.4 डिग्री ज्यादा होता है, तो लू की स्थिति बनती है। इससे अधिक बढ़ने पर तीव्र लू मानी जाती है। फिलहाल ऐसी चरम स्थिति की संभावना कम बताई जा रही है।


तापमान, मौसम के औसत आंकड़े आंकड़ों पर नजर डालें, तो मई में नागपुर का औसत अधिकतम तापमान 43.1°C और न्यूनतम 27.8°C रहता है, जिससे रातें भी गर्म और असुविधाजनक हो जाती हैं। इस दौरान आर्द्रता भी कम रहती है और मौसम शुष्क बना रहता है। औसतन 19.1 मिमी बारिश और करीब 1-2 दिन बारिश वाले दर्ज किए जाते हैं। अगर पिछले 10 वर्षों के आंकड़ों को देखें, तो अधिकतम तापमान 42°C से 45.6°C के बीच रहा है। ऐसे में इस साल 46°C का अनुमान इस ट्रेंड को तोड़ सकता है और नया रिकॉर्ड बना सकता है।

पुराने रिकॉर्ड्स पर एक नजर : पुराने रिकॉर्ड की बात करें, तो नागपुर में मई का अब तक का सबसे अधिक तापमान 47.9°C (23 मई 2013) दर्ज किया गया था, जबकि न्यूनतम 19.4°C (4 मई 1917) रहा है। इससे साफ है कि शहर का मौसम चरम स्थितियों तक पहुंचने की क्षमता रखता है।

क्या कहते हैं मौसम वैज्ञानिक

डॉ. प्रवीण कुमार, वैज्ञानिक, आईएमडी ने बताया कि नागपुर में तापमान 46 डिग्री तक जाने की संभावना है। हालांकि सीजनल बारिश, गरज-चमक और तेज हवाओं के कारण बीच-बीच में राहत मिलेगी। कुल मिलाकर मई सामान्य श्रेणी में रहेगा और हीट वेव की संभावना कम है।


Created On :   4 May 2026 5:46 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story