Narsinghpur News: कौड़िया में किराना दुकान की शटर तोड़कर चोरी, 30 हजार नकद और दो मोबाइल ले उड़े चोर

कौड़िया में किराना दुकान की शटर तोड़कर चोरी, 30 हजार नकद और दो मोबाइल ले उड़े चोर
आरोपियों की गिरफ्तारी और गांव में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।

डिजिटल डेस्क,नरसिंहपुर। नरसिंहपुर में गाडरवारा थाना क्षेत्र के कौड़िया गांव में शनिवार देर रात अज्ञात चोरों ने एक किराना दुकान को निशाना बनाते हुए चोरी की वारदात को अंजाम दिया। चोरों ने प्रतीक किराना स्टोर्स की शटर तोड़कर करीब 25 से 30 हजार रुपए नकद, दो मोबाइल फोन और चिल्लर राशि चोरी कर ली। रविवार सुबह दुकान संचालक को शटर टूटी मिली, जिसके बाद घटना का पता चला।

चोरी की सूचना मिलते ही दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई। फुटेज में एक संदिग्ध नजर आ रहा है, जो देखने में नाबालिग प्रतीत होता है। चोरी के दौरान संदिग्ध ने दुकान के बाहर खड़ी एक पिकअप वाहन में बैठकर उसे चलाने का प्रयास भी किया। इसके बाद डायल-112 और गाडरवारा थाना पुलिस को सूचना दी गई।

जानकारी मिलते ही थाना प्रभारी सहित पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू की। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर संदिग्ध की पहचान करने में जुटी है। पुलिस ने जल्द आरोपी को पकड़ने की बात कही है। वहीं ग्रामीणों ने चोरी की वारदात पर नाराजगी जताते हुए जल्द खुलासे, आरोपियों की गिरफ्तारी और गांव में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।

Created On :  

Next Story