अखबार में छपी खबर साझा: जयराम रमेश ने कहा - महंगाई से कब मिलेगा छुटकारा - पीएम बताएं, एक बार फिर केंद्र सरकार पर निशाना साधा

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली. कांग्रेस ने महंगाई को लेकर एक बार फिर केंद्र सरकार पर निशाना साधा है। प्रमुख विपक्षी दल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से सवाल किया है कि आखिर कमरतोड़ महंगाई से हमारे देशवासियों को छुटकारा कब मिलेगा? महासचिव जयराम रमेश ने शुक्रवार को सोशल मीडिया साइट ‘एक्स’पर अखबार में छपी एक खबर साझा करते हुए कहा कि महंगाई सिर्फ बाजार के आंकड़ों में नहीं बढ़ रही, उसका दर्द हर मध्यमवर्गीय और गरीब घर की रसोई में महसूस हो रहा है। त्योहारों के मौसम में रसोई का बजट तीन महीने में 25 प्रतिशत तक बढ़ गया है। उन्होंने कहा कि इस समाचार में एक गृहिणी ने बताया कि उनकी आय सिर्फ 35,000 रुपए है, और इतनी सीमित आय में रसोई का खर्च संभालना बहुत मुश्किल हो गया है। क्या मोदी जी को अहसास है कि महंगाई के इस दौर में यह सारे परिवार अपने घर का बजट कैसे संभाल रहे होंगे?
यह भी पढ़े -सीईसी के इस्तीफे की मांग को लेकर विपक्ष का प्रदर्शन, गांधी जयंती पर छावनी में तब्दील हुई दिल्ली
कांग्रेस महासचिव ने खाद्य वस्तुओं की बढ़ी कीमतों का जिक्र करते हुए कहा कि अरहर दाल 105 से 140-150 रुपए किलो, मूंग 95 से 120 रुपए, चावल 42-45 से 53-55 रुपए और सरसों तेल 165 से 190 रुपए लीटर पहुंच गया। सरकार के अपने आंकड़े बताते हैं कि अगस्त में खाद्य महंगाई 5.95 प्रतिशत थी। प्याज 48.27 प्रतिशत, अदरक 73.82 प्रतिशत और लहसुन 43.60 प्रतिशत महंगा हुआ। दाल, मसाले, सब्जियां, तेल हर तरफ महंगाई की मार है। सरकार के आंकड़े बताते हैं कि घरेलू बचत घट रही है और परिवारों पर कर्ज बढ़ रहा है। आम परिवार के सामने सवाल सिर्फ बढ़ते खर्च का नहीं, घटती बचत और सीमित आमदनी में घर चलाने का भी है। जयराम ने कहा कि सरकार के लिए यह आंकड़े हो सकते हैं, लेकिन जनता के लिए हर महीने बिगड़ता हुआ घरेलू बजट है।
Created On :   2 Oct 2026 7:54 PM IST











