आयोजन: डॉ सत्य प्रकाश ने कहा - अपना अधिक-से-अधिक कार्य हिंदी में निपटाएं कर्मचारी, 14 से 30 सितंबर तक चले हिंदी पखवाड़ा का समापन

डॉ सत्य प्रकाश ने कहा - अपना अधिक-से-अधिक कार्य हिंदी में निपटाएं कर्मचारी, 14 से 30 सितंबर तक चले हिंदी पखवाड़ा का समापन
  • संसदीय कार्य मंत्रालय में अपर सचिव डॉ सत्य प्रकाश ने मंत्रालय के कर्मचारियों से कहा
  • वे अपना अधिक-से-अधिक कार्य हिंदी में निपटाएं

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली. संसदीय कार्य मंत्रालय में अपर सचिव डॉ सत्य प्रकाश ने मंत्रालय के कर्मचारियों से कहा कि उन्हें सिर्फ हिंदी पखवाड़े के दौरान ही नहीं बल्कि पूरे साल हिंदी में काम करने का प्रयास करना चाहिए। उन्होंने कर्मचारियों से कहा कि वे अपना अधिक-से-अधिक कार्य हिंदी में निपटाएं। डॉ प्रकाश यहां 14 से 30 सितंबर तक चले ‘हिंदी पखवाड़ा’ के समापन अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में बोल रहे थे। हिंदी पखवाड़े के दौरान मंत्रालय में कई प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं, जिनमें हिंदी टंकण, हिंदी श्रुतलेखन, गैर-हिंदी भाषियों के लिए प्रश्नोत्तरी, हिंदी टिप्पण-आलेखन, हिंदी अनुवाद, तथा हिंदी निबंध और कविता लेखन प्रतियोगिता आदि शामिल थीं। अधिकारियों और कर्मचारियों ने इन प्रतियोगिताओं में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।

डॉ सत्य प्रकाश ने कहा कि सरकार की नीति केवल भाषा के संरक्षण तक सीमित नहीं है, बल्कि इसे शासन-प्रशासन, विज्ञान और आधुनिक तकनीक की मुख्यधारा से जोड़ने की है। उन्होंने सभी से सरल और सहज हिंदी का प्रयोग करने का आह्वान किया। कहा कि भाषा जितनी सरल और बोधगम्य होगी, वह उतनी ही प्रभावी होगी। इस अवसर पर मंत्रालय के अधिकारियों/कर्मचारियों की रचनाओं से युक्त एक हिंदी ई-पत्रिका ‘संसदीय सरिता’ का विमोचन किया गया जो मंत्रालय के अधिकारियों/कर्मचारियों की रचनात्मक प्रतिभा और परिपक्वता का सुंदर संकलन है।

Created On :   30 Sept 2026 7:02 PM IST

Tags

Next Story