- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- जबलपुर
- /
- 12 साल छोटे पवन से लवमैरिज करने...
12 साल छोटे पवन से लवमैरिज करने वाली थी हत्या की आरोपी नंदिनी उर्फ जन्नत , खुल सकते हैं कई राज

डिजिटल डेस्क, जबलपुर। डॉ. शफात उल्लाह खान हत्याकांड के दो फरार आरोपी पवन और धीरज को पुलिस गुजरात के दुआ से पकड़कर लौट आई है। सोमवार की रात शहर पहुंचने के बाद पुलिस ने आधिकारिक तौर पर दोनों की गिरफ्तारी दर्शायी। आरोपियों से हत्या में प्रयुक्त चाकू भी बरामद किए गए हैं। हत्या के बाद से इस मामले में रोज नए खुलासे हो रहे हैं, सबसे आश्चर्यजनक खुलासा डॉ. खान की पत्नी आयशा ने हत्या का षड़यंत्र रचने का किया था, इसके बाद सोमवार को एक और नई जानकारी आई, जिससे पता चला कि आयशा के साथ मिलकर षड़यंत्र रचने वाली उसकी भतीजी 32 वर्षीय नंदनी उर्फ जन्नत जिस पवन से प्रेम विवाह करने वाली थी वह महज 19 साल का है। जबकि दूसरा आरोपी धीरज अभी नाबालिग है।
सूत्रों के अनुसार पवन से पूछताछ में कुछ और वारदातों के खुलासे होने की उम्मीद है। दरअसल पकड़े जाने के बाद पवन ने पुलिस कर्मियों को आयशा और जन्नत की निजी जिन्दगी से जुड़े कई विवादों की जानकारियां दी हैं। सूत्रों का कहना है कि पुलिस सही तरीके से जांच करे तो कई अनसुलझे मामलों के खुलासे हो सकते हैं।
इन मामलों की चर्चा, ननि अधिकारी के बेटे से जन्नत ने की थी शादी
सूत्रों के अनुसार नंदनी उर्फ जन्नत ने पहली शादी के बाद पति को छोड़ दिया था। इसके बाद वह ननि के एक गार्डन में दैनिक वेतन भोगी के रूप में चौकीदारी का काम करती थी, इसी दौरान उसका संपर्क निगम के एक बड़े अधिकारी के बेटे से हुआ, जिससे निकाह करने के बाद वह नंदनी से जन्नत बन गई। लेकिन महज 4 माह बाद जन्नत ने निगम अधिकारी के बेटे को छोड़ दिया और गुजरात चली गई। जहां उसकी मुलाकात अपनी उम्र से 12 साल छोटे पवन से हुई, इसके बाद दोनों का अफेयर शुरू हो गया और जल्द ही दोनों शादी की तैयारी में थे।
आयशा और जन्नत गईं थीं दुबई
सूत्रों के अनुसार पुलिस जांच में एक और जानकारी सामने आई है, जिससे पता चला कि जन्नत और उसकी बुआ आयशा दो साल पहले एक साथ दुबई घूमने गईं थीं। सूत्रों की माने तो करीब ढाई साल पहले आयशा ने पासपोर्ट बनाने के लिए आवेदन दिया था और बड़े डॉक्टर की एप्रोच से बना था आयशा का पासपोर्ट। आयशा का पासपोर्ट जल्द बन जाए इसके लिए शहर के एक बड़े डॉक्टर ने पुलिस अफसरों से एप्रोच भी की थी।
इनका कहना है
डॉ. खान की हत्या में फरार दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। धीरज नाम का आरोपी नाबालिग पाया गया है, जिसे जुवेनाइल कोर्ट में पेश किया जाएगा। दूसरे आरोपी पवन को मंगलवार को कोर्ट में पेश करके पूछताछ के लिए रिमांड पर लेने का प्रयास करेंगे।
दीपक कुमार शुक्ला, एएसपी, शहर पूर्व
Created On :   19 Jun 2018 7:47 AM GMT