- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- जबलपुर
- /
- थाईलैंड से लौटे युवक की रिपोर्ट...
थाईलैंड से लौटे युवक की रिपोर्ट निगेटिव - पनागर की महिला को किया होम आइसोलेट

डिजिटल डेस्क जबलपुर । शहर में अभी तक कोई कोरोना वायरस पॉजिटिव नहीं मिलने से स्वास्थ्य िवभाग की टीम राहत में है। बीती रात थाईलैंड से लौटे जिस युवक को विक्टोरिया के आइसोलेशन वार्ड में भर्ती किया गया था, उसकी रिपोर्ट भी निगेटिव आई है। युवक को घर जाने की इजाजत दे दी गई है। बुधवार को पनागर से आई एक महिला की ट्रेवलिंग हिस्ट्री तथा सर्दी-जुकाम के लक्षणों के आधार पर उसे 14 दिन के लिए होम आइसोलेटेड करने के निर्देश स्वास्थ्य कर्मियों को दिए गए। मंगलवार की रात विक्टोरिया पहुँचे मदन-महल क्षेत्र निवासी 32 वर्षीय युवक ने हैल्प सेंटर में पहुँचकर पिछले दिनों थाईलैंड यात्रा की जानकारी देने के साथ ही सर्दी-खाँसी की शिकायत की। ट्रेवलिंग हिस्ट्री को देखते हुए चिकित्सकों ने गंभीरता दिखाई तथा उसके विरोध के बाद भी उसे आइसोलेशन वार्ड में भर्ती कराया गया। बुधवार सुबह उसका थ्रोट सैंपल जाँच के लिए आइसीएमएआर के एनआईआरटीएच सेंटर भेजा गया। शाम को रिपोर्ट निगेटिव आई, तो उसे घर जाने की इजाजत मिली।
जापान गया था बेटा, माँ बीमार7 पनागर निवासी एक महिला जनवरी माह में बेंगलुरू स्थित अपने बेटे के घर रहने गई। इसी बीच बेटा कंपनी के काम से जापान यात्रा पर गया और 28 फरवरी को वापस लौटा। महिला भी 7 जनवरी को शहर आ गई। कुछ दिन तक स्वास्थ्य ठीक रहा, लेकिन फिर उसे सर्दी-जुकाम, बुखार की शिकायत हुई। विजय नगर स्थित निजी अस्पताल में इलाज कराया, लेकिन इस ट्रेवलिंग हिस्ट्री और तबीयत खराब होने की जानकारी स्वास्थ्य विभाग के पनागर क्षेत्र के बहुउद्देशीय कार्यकर्ता को मिली। वह महिला को मास्क आदि पहनाकर सिविल सर्जन डॉ. आरके चौधरी के पास लेकर आया। महिला को 14 दिन का समय बीतने और लक्षणों के आधार पर घर में ही आइसोलेट करने के निर्देश स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं को दिए। अब 14 दिन तक सुबह-शाम स्वास्थ्य कार्यकर्ता उसकी जाँच कर सेहत की स्थिति का रिकॉर्ड रखेगा।
Created On :   19 March 2020 1:57 PM IST