Niwari News: प्रेम विवाह के बाद पत्नी की हत्या का फरार आरोपी गिरफ्तार, ओरछा पुलिस को बड़ी सफलता

प्रेम विवाह के बाद पत्नी की हत्या का फरार आरोपी गिरफ्तार, ओरछा पुलिस को बड़ी सफलता
ओरछा थाना पुलिस ने चर्चित मुस्कान गुप्ता हत्याकांड में फरार चल रहे तीसरे आरोपी आलेख उर्फ हनी चौधरी निवासी झांसी को गिरफ्तार कर शनिवार को न्यायालय में पेश किया।

Niwari News: ओरछा थाना पुलिस ने चर्चित मुस्कान गुप्ता हत्याकांड में फरार चल रहे तीसरे आरोपी आलेख उर्फ हनी चौधरी निवासी झांसी को गिरफ्तार कर शनिवार को न्यायालय में पेश किया। आरोपी पर छतरपुर रेंज के उप पुलिस महानिरीक्षक द्वारा 20 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था।

पुलिस के अनुसार 20 अप्रैल 2026 को ओरछा थाना क्षेत्र स्थित जामुनी नदी में एक अज्ञात महिला का क्षत-विक्षत शव मिला था। प्रारंभिक जांच के बाद शव की पहचान मुस्कान गुप्ता के रूप में हुई। विवेचना में सामने आया कि मुस्कान ने करीब दो वर्ष पूर्व जितेन्द्र कुशवाहा से प्रेम विवाह किया था। पुलिस के मुताबिक, पति को पत्नी के चरित्र पर संदेह था, जिसके चलते उसने अपने साथियों के साथ मिलकर 17 अप्रैल 2026 को झांसी स्थित किराए के मकान में मुस्कान की चाकू मारकर हत्या कर दी। इसके बाद साक्ष्य छिपाने की नीयत से शव को ओरछा स्थित जामुनी नदी के पुल से नीचे फेंक दिया।

मामले में थाना ओरछा में हत्या सहित विभिन्न धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू की गई थी। पुलिस पहले ही मुख्य आरोपी जितेन्द्र कुशवाहा और उसके साथी रूपेश कुशवाहा को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश कर चुकी है। अब तीसरे फरार आरोपी आलेख उर्फ हनी चौधरी की गिरफ्तारी के साथ मामले में महत्वपूर्ण सफलता मिली है। पुलिस ने बताया कि प्रकरण की एक अन्य फरार आरोपी की तलाश अभी जारी है।

यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक डॉ. राय सिंह नरवरिया के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. अमित वर्मा तथा एसडीओपी निवाड़ी के.के. पांडे के मार्गदर्शन में की गई। कार्रवाई में थाना प्रभारी जितेन्द्र सिंह गुर्जर, उप निरीक्षक अर्पित पाराशर, साइबर सेल प्रभारी कुलदीप यादव सहित पुलिस टीम के अन्य अधिकारियों एवं कर्मचारियों की सराहनीय भूमिका रही।


Created On :   5 July 2026 3:21 PM IST

Tags

Next Story