- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- पन्ना
- /
- बेटे को बचाने दौड़ा पिता भी करंट की...
Panna News: बेटे को बचाने दौड़ा पिता भी करंट की चपेट में, दोनों की हालत गंभीर, स्कूल के पास हैंडपंप पर नहाने के दौरान हुआ हादसा

Panna News: पन्ना जिले के अजयगढ़ थाना क्षेत्र के पिपराही छतेनी गांव में शुक्रवार को दर्दनाक हादसा हो गया। स्कूल के पास स्थित हैंडपंप पर नहाने गए पिता-पुत्र बिजली के करंट की चपेट में आ गए। मासूम बेटे को बचाने के प्रयास में पिता भी करंट की चपेट में आ गए। ग्रामीणों ने सूझबूझ दिखाते हुए दोनों को करंट से अलग कर उनकी जान बचाई।
जानकारी के अनुसार, पिपराही छतेनी निवासी किसान छंगू पाल अपने बेटे आशीष के साथ गांव के स्कूल के पास लगे हैंडपंप पर नहाने गए थे। इसी दौरान खेल रहे आशीष का हाथ वहां से गुजर रहे बिजली के खंभे से लटक रहे करंट प्रवाहित तार से छू गया, जिससे वह तड़पने लगा।
बेटे को करंट से तड़पता देख पिता छंगू पाल उसे बचाने के लिए दौड़े, लेकिन उसे छुड़ाने के प्रयास में वे भी बिजली के तेज करंट की चपेट में आ गए। दोनों को करंट से तड़पता देख मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने सावधानी बरतते हुए किसी तरह उन्हें करंट से अलग किया और तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अजयगढ़ पहुंचाया।
चिकित्सकों ने दोनों का प्राथमिक उपचार किया। हादसे में पिता छंगू पाल के हाथ और कमर गंभीर रूप से झुलस गए, जिसके चलते उनकी हालत नाजुक होने पर उन्हें बेहतर इलाज के लिए जिला चिकित्सालय पन्ना रेफर कर दिया गया। वहीं पुत्र आशीष का भी उपचार जारी है।
Created On :   4 July 2026 3:27 PM IST














