- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- पन्ना
- /
- सनातन हिंदू एकता रथयात्रा कल...
पवई न्यूज: सनातन हिंदू एकता रथयात्रा कल पहुंचेगी पवई, भारी वाहनों के साथ यात्री बसों का प्रवेश भी प्रतिबंधित

डिजिटल डेस्क पवई। बागेश्वरधाम सरकार के पीठाधीश्वर पं. धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री की सनातन हिंदू एकता रथयात्रा 12 अक्टूबर को पवई पहुंचेगी। यात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने यातायात व्यवस्था को लेकर तैयारियां की हैं। पवई-मोहंद्रा, पवई-पन्ना और पवई-कटनी मार्गों से नगर में भारी वाहनों के साथ यात्री बसों का प्रवेश भी प्रतिबंधित रहेगा। यातायात सुचारू बनाए रखने के लिए मार्ग परिवर्तन और पार्किंग की व्यवस्था की गई है।
बायपास से गुजरेंगे पन्ना-कटनी जाने वाले वाहन-
एसडीओपी पवई शिवा पाठक ने यातायात व्यवस्था की जानकारी देते हुए बताया कि पन्ना से कटनी और कटनी से पन्ना की ओर जाने वाले वाहनों को पवई नगर में प्रवेश नहीं दिया जाएगा। इन वाहनों को बायपास मार्ग से होकर अपने गंतव्य तक जाना होगा। यात्री बसों को भी बायपास पर ही यात्रियों को उतारना होगा। इसके बाद बसें अपने गंतव्य की ओर रवाना होंगी। इस व्यवस्था से नगर के भीतर यातायात का दबाव कम रखने और जाम की स्थिति से बचने में मदद मिलेगी।
गोल्डन सिटी और छत्रसाल स्टेडियम में पार्किंग-
मोहंद्रा की ओर से कार्यक्रम में आने वाले वाहनों की पार्किंग महेड़ा स्थित गोल्डन सिटी में निर्धारित की गई है। वहीं, पवई नगर के छत्रसाल स्टेडियम में दोपहिया और चारपहिया वाहनों को खड़ा करने की व्यवस्था रहेगी। यहां वाहन पार्क करने के बाद श्रद्धालुओं को पैदल ही मां कलेही देवी मंदिर प्रांगण में आयोजित कार्यक्रम स्थल तक पहुंचना होगा।
प्रशासन की अपील—निर्धारित मार्गों का करें उपयोग-
पुलिस प्रशासन ने श्रद्धालुओं और वाहन चालकों से निर्धारित मार्गों एवं पार्किंग स्थलों का उपयोग करने की अपील की है। यातायात व्यवस्था में सहयोग करने और अनावश्यक रूप से नगर में वाहन नहीं ले जाने से जाम की स्थिति से बचा जा सकेगा। प्रशासन का प्रयास है कि रथयात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को आवागमन में परेशानी न हो और कार्यक्रम शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो सके।
Created On :   11 Oct 2026 7:30 PM IST












