कसता शिकंजा: कहीं 40 लाख का ऑक्सीजन प्लांट गायब, कहीं 21.74 लाख का मसाला जब्त, डकैती की तैयारी में 5 गिरफ्तार

डिजिटल डेस्क, परभणी। जिले में खाद्य सुरक्षा, सरकारी संपत्ति की निगरानी और कानून-व्यवस्था से जुड़े तीन अलग-अलग मामले सामने आए हैं। एक ओर अन्न व औषधि प्रशासन ने एमआईडीसी स्थित शिवम फूड टेक प्रतिष्ठान पर छापा मारकर 21.74 लाख रुपये से अधिक मूल्य का मसाला स्टॉक जब्त किया, तो दूसरी ओर कोविड काल में करीब 40 लाख रुपये की लागत से स्थापित ऑक्सीजन प्लांट का सामान गायब होने पर मनपा प्रशासन की कार्यप्रणाली सवालों के घेरे में है। वहीं, स्थानीय अपराध शाखा ने डकैती की तैयारी कर रहे अंतरजिला गिरोह के 5 आरोपियों को गिरफ्तार कर 4.57 लाख रुपये का माल जब्त किया है। त्योहारों के दौरान सुरक्षित खाद्य पदार्थों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए अन्न व औषधि प्रशासन ने 26 अक्टूबर को शिवम फूड टेक प्रतिष्ठान पर औचक कार्रवाई की। यहां से 5,998 किलो हल्दी, 1,198 किलो मिर्च पाउडर और 2,880 पैकेट मिर्च पाउडर सहित 35 किलो शिवम चटपट मसाला जब्त किया गया। जब्त माल का कुल मूल्य 21,74,550 रुपये बताया गया है। अयोग्य भंडारण, त्रुटिपूर्ण लेबलिंग और खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता पर संदेह के चलते यह कार्रवाई की गई। नमूने जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे गए हैं। रिपोर्ट आने के बाद आगे की वैधानिक कार्रवाई होगी। यह अभियान आयुक्त तुकाराम मुंडे के मार्गदर्शन में चलाया जा रहा है।
40 लाख का ऑक्सीजन प्लांट गायब, भाजपा ने मांगी कार्रवाई
परभणी महानगरपालिका के कल्याण मंडपम स्थित स्वास्थ्य केंद्र परिसर में कोविड काल के दौरान लगभग 40 लाख रुपये की लागत से स्थापित ऑक्सीजन प्लांट का सामान गायब होने का मामला सामने आया है। भाजपा पार्षदों ने प्रशासन की कथित निष्क्रियता पर नाराजगी जताते हुए मनपा आयुक्त और महापौर को ज्ञापन सौंपा। उन्होंने सवाल उठाया कि लाखों रुपये के उपकरण गायब होने के बावजूद पुलिस में शिकायत क्यों नहीं दर्ज कराई गई। भाजपा ने तत्काल प्राथमिकी दर्ज कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। मांग पूरी नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी भी दी गई है।
स्थानीय अपराध शाखा ने जिंतूर-पाथरी बायपास रोड पर धर्मापुरी शिवार के पास कार्रवाई कर डकैती की तैयारी कर रहे 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार, आरोपी वाहनों को रोककर लूटपाट करने की योजना बना रहे थे। उनके पास से एक कार, 8 मोबाइल, 2,500 रुपये नकद, तलवार, लोहे की रॉड, स्क्रू ड्राइवर, मिर्च पाउडर के 5 पैकेट, रस्सी और बच्चों के बैंक के खिलौना नोट बरामद हुए। जब्त माल का कुल मूल्य 4,57,550 रुपये बताया गया है। आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धाराओं 310(4), 310(5) और शस्त्र अधिनियम की धाराओं 4 व 25 के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस अब गिरोह की अन्य वारदातों में संलिप्तता की जांच कर रही है।
Created On :  
