- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- पुणे
- /
- युवती को ब्लैकमेल कर 20 लाख की...
Pune City News: युवती को ब्लैकमेल कर 20 लाख की मांग, आरोपी गिरफ्तार

भास्कर न्यूज,पुणे। वारजे मालवाड़ी क्षेत्र में युवती को ब्लैकमेल कर 20 लाख रुपये की फिरौती मांगने और उसकी अश्लील तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल करने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की पहचान विजयसिंह संतोष गुंड (30) के रूप में हुई है, जो अहिल्यानगर जिले के श्रीगोंडा तालुका स्थित मडेवडगांव (धोकराई) का निवासी है।
पुलिस के अनुसार, 24 वर्षीय पीड़िता और आरोपी एक-दूसरे को पहले से जानते थे। इसी का फायदा उठाते हुए आरोपी ने युवती का पीछा करना शुरू किया और उसे लगातार परेशान करने लगा। उसने युवती से 20 लाख रुपये की मांग की और पैसे न देने पर उसके साथ की अश्लील तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी दी। इतना ही नहीं, आरोपी ने उसे मानसिक रूप से प्रताड़ित किया। शुरुआत में युवती ने उसकी धमकियों को नजरअंदाज किया, लेकिन जब उसने पैसे देने से इनकार किया, तो आरोपी ने उसकी अश्लील तस्वीरें गांव के एक सोशल मीडिया ग्रुप पर साझा कर दीं, जिससे उसकी बदनामी हुई।
घटना की जानकारी मिलते ही पीड़िता ने वारजे मालवाड़ी पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपी पर नजर रखी और उसे हिरासत में लेकर गिरफ्तार कर लिया।
Created On :   25 March 2026 3:41 PM IST












