Pune City News: 21 जून को होगी महाराष्ट्र टीईटी परीक्षा, 27 मार्च से शुरू होंगे आवेदन

21 जून को होगी महाराष्ट्र टीईटी परीक्षा, 27 मार्च से शुरू होंगे आवेदन
  • दो शिफ्ट में आयोजित होगी परीक्षा
  • शिक्षक भर्ती के लिए टीईटी पास करना अनिवार्य

भास्कर न्यूज,पुणे। शिक्षक बनने की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों के लिए अहम खबर है। महाराष्ट्र राज्य परीक्षा परिषद ने महाराष्ट्र शिक्षक पात्रता परीक्षा 21 जून को आयोजित करने की घोषणा की है। इस संबंध में परिषद के आयुक्त महेश चोथे ने आधिकारिक जानकारी जारी की है।

परीक्षा के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 27 मार्च से शुरू होकर 16 अप्रैल तक चलेगी। इच्छुक अभ्यर्थी परिषद की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर आवेदन कर सकेंगे।

परिषद के अनुसार, राज्य की सभी अनुदानित और गैर-अनुदानित स्कूलों में शिक्षक नियुक्ति के लिए टीईटी उत्तीर्ण करना अनिवार्य है। परीक्षा दो भागों में आयोजित की जाएगी। कक्षा 1 से 5 तक के लिए पेपर-1 और कक्षा 6 से 8 तक के लिए पेपर-2 आयोजित होगा। 21 जून को पेपर-1 सुबह 10:30 बजे से दोपहर 1 बजे तक, जबकि पेपर-2 दोपहर 2:30 बजे से शाम 5 बजे तक आयोजित किया जाएगा।

परीक्षा परिषद ने अभ्यर्थियों को सलाह दी है कि वे आवेदन, शुल्क और अन्य जरूरी जानकारी के लिए नियमित रूप से आधिकारिक वेबसाइट देखते रहें, क्योंकि प्रशासनिक कारणों से परीक्षा कार्यक्रम में बदलाव संभव है। गौरतलब है कि हाल ही में सर्वोच्च न्यायालय द्वारा टीईटी को अनिवार्य किए जाने के बाद अभ्यर्थियों की संख्या में तेजी से वृद्धि हुई है। वर्ष 2025 में आयोजित परीक्षा में 4.75 लाख से अधिक उम्मीदवारों ने पंजीकरण कराया था।

पिछले वर्षों के आंकड़ों पर नजर डालें तो 2013 से अब तक आयोजित आठ परीक्षाओं में करीब 29.74 लाख अभ्यर्थियों में से केवल 1.06 लाख ही सफल हो पाए हैं, जिससे औसत सफलता दर लगभग 3.5 प्रतिशत रही है। हालांकि, पिछले वर्ष परिणाम में सुधार देखने को मिला और सफलता दर 11.28 प्रतिशत तक पहुंच गई।

अब परीक्षा परिषद ने वर्ष में दो बार टीईटी आयोजित करने का निर्णय लिया है। इसी क्रम में जून में पहली परीक्षा आयोजित की जाएगी, जबकि दूसरी परीक्षा नवंबर-दिसंबर में होने की संभावना है।

Created On :   25 March 2026 7:23 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story