Pune News: कम प्रदूषण में दवा बनाने की तकनीक विकसित करने वाले डॉ. अमोल कुलकर्णी को टाटा पुरस्कार

कम प्रदूषण में दवा बनाने की तकनीक विकसित करने वाले डॉ. अमोल कुलकर्णी को टाटा पुरस्कार
पुणे स्थित राष्ट्रीय रासायनिक प्रयोगशाला (एनसीएल) के मुख्य वैज्ञानिक डॉ. अमोल ए. कुलकर्णी को वर्ष 2026 के प्रतिष्ठित टाटा ट्रांसफॉर्मेशन पुरस्कार से सम्मानित किया गया है।

भास्कर ब्यूरो, पुणे/भोपाल। पुणे स्थित राष्ट्रीय रासायनिक प्रयोगशाला (एनसीएल) के मुख्य वैज्ञानिक डॉ. अमोल ए. कुलकर्णी को वर्ष 2026 के प्रतिष्ठित टाटा ट्रांसफॉर्मेशन पुरस्कार से सम्मानित किया गया है। पर्यावरण के अनुकूल रसायन और दवाएं बनाने की नई तकनीक विकसित करने के लिए उन्हें यह पुरस्कार दिया गया है। उनकी तकनीक से रासायनिक कचरे, प्रदूषण और उत्पादन खर्च में कमी लाने में मदद मिलेगी। डॉ. कुलकर्णी और उनकी टीम ने ऐसी तकनीक विकसित की है, जिससे रसायन और दवाएं बनाने के दौरान पदार्थों को घोलने के लिए इस्तेमाल होने वाले विलायक की जरूरत कम होगी।

उनकी टीम ने रंग, जियोलाइट और दवाओं के उत्पादन के लिए बिना विलायक (घुलने) वाली प्रक्रियाएं विकसित की हैं। इनमें से कुछ तकनीकें उद्योगों को सौंपी जा चुकी हैं। अब कृत्रिम बुद्धिमत्ता की मदद से इस तकनीक का बड़े औद्योगिक स्तर पर इस्तेमाल करने के लिए शोध किया जा रहा है। डॉ. कुलकर्णी ने देश के 65 से अधिक रासायनिक उद्योगों के साथ विभिन्न परियोजनाओं पर काम किया है। उन्होंने 160 उद्योगों के 1400 से अधिक लोगों को प्रशिक्षण दिया है। उनके 140 से अधिक शोधपत्र अंतरराष्ट्रीय वैज्ञानिक पत्रिकाओं में प्रकाशित हुए हैं। उन्होंने 50 से अधिक पेटेंट के लिए आवेदन किया है।

वर्ष 2005 से एनसीएल में कार्यरत

डॉ. कुलकर्णी ने मुंबई से रासायनिक इंजीनियरिंग की पढ़ाई और पीएचडी पूरी की है। उन्होंने जर्मनी और अमेरिका में भी शोध कार्य किया है। वर्ष 2005 से वे पुणे के एनसीएल में कार्यरत हैं। वर्ष 2020 में उन्हें प्रतिष्ठित शांति स्वरूप भटनागर पुरस्कार से भी सम्मानित किया गया था। टाटा संस ने न्यूयॉर्क विज्ञान अकादमी के सहयोग से वर्ष 2023 में इस पुरस्कार की शुरुआत की थी। खाद्य सुरक्षा, पर्यावरण संरक्षण और स्वास्थ्य सेवा के क्षेत्र में महत्वपूर्ण शोध करने वाले वैज्ञानिकों को यह पुरस्कार दिया जाता है।

Created On :  

Tags

Next Story