Maharashtra News: ऑनलाइन काम के खिलाफ शिक्षकों ने खोला मोर्चा, 1 दिसंबर से असहयोग आंदोलन

डिजिटल डेस्क, पुणे। स्कूलों में ऑनलाइन जानकारी और रिपोर्ट भरने के बढ़ते काम के कारण शिक्षकों की नियमित अध्यापन प्रक्रिया प्रभावित हो रही है। इससे नाराज राज्यभर के प्राथमिक शिक्षकों ने अब असहयोग आंदोलन करने का निर्णय लिया है। इसके तहत 1 दिसंबर से शिक्षक ऑनलाइन प्रशासनिक काम नहीं करेंगे और विभागीय कामकाज के लिए बनाए गए सभी वाट्सएप ग्रुप से एक्जिट होंगे।
शिक्षक संगठनों ने चरणबद्ध तरीके से आंदोलन करने की भी घोषणा की है। राज्य के स्थानीय स्वराज्य संस्थाओं के स्कूलों और अनुदानित स्कूलों में कार्यरत शिक्षकों तथा मुख्याध्यापकों को पढ़ाने के साथ शिक्षा विभाग की ओर से मांगी जाने वाली विभिन्न जानकारियां और रिपोर्ट ऑनलाइन जमा करनी पड़ती हैं। इसमें शिक्षकों का काफी समय खर्च होता है जिससे विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है। शिक्षक पहले भी ऑनलाइन प्रशासनिक कार्यों का विरोध कर चुके हैं। इस दौरान हमें पढ़ाने दीजिए जैसे आंदोलन भी किए गए थे।
शिक्षा विभाग ने हाल ही में जानकारी का वार शनिवार अभियान शुरू कर शिक्षकों को शनिवार के दिन ऑनलाइन जानकारी और रिपोर्ट जमा करने के निर्देश दिए थे। हालांकि, इस पहल से भी शिक्षकों पर प्रशासनिक काम का बोझ कम नहीं हुआ है। शिक्षकों का कहना है कि नियमित रूप से ऑनलाइन जानकारी भरने के कारण उन्हें अध्यापन के लिए पर्याप्त समय नहीं मिल पा रहा है।
यह भी पढ़े -विट्ठल सभामंडप में महाद्वार काला के साथ कार्तिकी यात्रा 2026 का समापन, 28 नवंबर को प्रक्षाळ पूजा
15 शिक्षक संगठनों की संयुक्त बैठक में फैसला
इसी मुद्दे पर राज्यभर के शिक्षकों, मुख्याध्यापकों, स्नातक शिक्षकों, केंद्र प्रमुखों और दिव्यांग कर्मचारियों सहित विभिन्न वर्गों की करीब 15 शिक्षक संगठनों के पदाधिकारियों की संयुक्त बैठक हुई। उसमें निर्णय लिया गया कि 1 दिसंबर से कोई भी अध्यापन कार्य को प्रभावित करने वाले ऑनलाइन काम शिक्षक नहीं करेगा। इसके साथ ही सभी शिक्षक प्रशासनिक कामकाज के लिए बनाए गए वाट्सएप ग्रुप से बाहर होकर असहयोग आंदोलन में शामिल होंगे। राज्य प्राथमिक शिक्षक समिति के प्रदेश अध्यक्ष विजय कोंबे ने बताया कि लगातार बढ़ते ऑनलाइन कार्यों का शिक्षकों की कार्यक्षमता और मानसिक स्थिति पर भी असर पड़ रहा है। शिक्षकों की प्राथमिक जिम्मेदारी विद्यार्थियों को पढ़ाना है, लेकिन प्रशासनिक कामों के कारण वे इस जिम्मेदारी पर पर्याप्त ध्यान नहीं दे पा रहे हैं। इसलिए संगठनों ने अब असहयोग का फैसला किया है।
यह भी पढ़े -हंगामे के आसार - 11 साल से नहीं बढ़ा संपत्ति कर, पुरानी दरें ही रहेंगी मान्य!, विकास कार्यों पर भी होगी चर्चा
शिक्षक संगठनों से चर्चा करेगा विभाग
मामले में प्राथमिक शिक्षा संचालक शरद गोसावी ने कहा कि ऑनलाइन काम और अध्यापन के समय के बीच संतुलन बनाने के लिए बीच का रास्ता निकाला जा सकता है। इस संबंध में शासन की ओर से शिक्षक संगठनों के साथ चर्चा की जाएगी।
Created On :  

