Maharashtra News: एयरपोर्ट पर पिकअप-ड्रॉप के लिए 15 मिनट का समय तय, 1 दिसंबर से लागू होगा नियम, उल्लंघन पर 500 रुपए जुर्माना

एयरपोर्ट पर पिकअप-ड्रॉप के लिए 15 मिनट का समय तय, 1 दिसंबर से लागू होगा नियम, उल्लंघन पर 500 रुपए जुर्माना
एयरपोर्ट पर भीड़ कम करने के उद्देश्य से पिकअप और ड्रॉप-ऑफ लेन में वाहनों के लिए अधिकतम 15 मिनट की समय सीमा निर्धारित की गई है।

डिजिटल डेस्क, पुणे। एयरपोर्ट पर भीड़ कम करने के उद्देश्य से पिकअप और ड्रॉप-ऑफ लेन में वाहनों के लिए अधिकतम 15 मिनट की समय सीमा निर्धारित की गई है। इसमें यात्रियों को चढ़ाने और उतारने के लिए पांच मिनट का ठहराव समय शामिल रहेगा। निर्धारित समय से ज्यादा रुकने वाले वाहनों पर 500 रुपए का जुर्माना लगाया जाएगा।

एयरपोर्ट पर यात्रियों की संख्या लगातार बढ़ रही है। ऐसे में एयरपोर्ट के बाहर उपलब्ध सड़क और वाहन आवागमन की जगह का प्रभावी उपयोग करना आवश्यक हो गया है। कई वाहन पिकअप और ड्रॉप-ऑफ लेन में जरूरत से अधिक समय तक खड़े रहते हैं। कुछ वाहन लंबे समय तक प्रतीक्षा या पार्किंग करते हैं, जिससे यातायात बाधित होता है और अन्य वाहनों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। समस्या के समाधान के लिए गठित समिति ने पिकअप और ड्रॉप-ऑफ लेन में वाहनों के लिए अधिकतम 15 मिनट की अवधि निर्धारित करने को मंजूरी दी है। समय सीमा एयरपोर्ट विनियम, 2003 के लागू प्रावधानों के अनुसार लागू की जाएगी।

स्वचालित प्रणाली से होगी निगरानी

निगरानी के लिए एयरपोर्ट पर स्वचालित नंबर प्लेट पहचान प्रणाली स्थापित की गई है। प्रवेश और निकास बिंदुओं पर लगे कैमरे वाहनों के नंबर और तस्वीरें दर्ज करेंगे। उसके आधार पर वाहन ने निर्धारित लेन में कितना समय बिताया, इसकी गणना स्वचालित रूप से की जाएगी। समय सीमा का उल्लंघन करने वाले वाहनों की पहचान कर उन पर जुर्माना लगाया जाएगा। जुर्माने का भुगतान डिजिटल माध्यमों से किया जाएगा। इसके लिए फास्टैग या क्यूआर कोड आधारित भुगतान को प्राथमिकता दी जाएगी। भुगतान की व्यवस्था पिकअप और ड्रॉप-ऑफ क्षेत्र में निर्धारित स्थान पर की जाएगी, ताकि निकास द्वार पर अनावश्यक भीड़ न हो। आने वाले यात्रियों की प्रतीक्षा करने या टर्मिनल के भीतर जाने के लिए अधिक समय की आवश्यकता होने पर यात्रियों और वाहन चालकों को मल्टी-लेवल कार पार्क अथवा एयरो मॉल की पार्किंग सुविधाओं का उपयोग करने की सलाह दी गई है। वहां से एयरपोर्ट टर्मिनल तक यात्रियों की सुविधा के लिए निःशुल्क शटल बस सेवा भी उपलब्ध है।

30 नवंबर तक परीक्षण, नहीं लगेगा जुर्माना

नई व्यवस्था का परीक्षण पहले ही शुरू किया जा चुका है। 30 नवंबर तक परीक्षण अवधि के दौरान कोई जुर्माना नहीं लगाया जाएगा। इस दौरान वाहन चालकों को नियमों की जानकारी देकर जागरूक किया जा रहा है। 1 दिसंबर से व्यवस्था पूरी तरह लागू होगी।

कोट

तकनीक आधारित नई व्यवस्था से वाहनों की भीड़ कम होगी और उपलब्ध बुनियादी सुविधाओं का बेहतर उपयोग सुनिश्चित हो सकेगा। इससे यात्रियों को सुरक्षित, सुगम और परेशानीमुक्त अनुभव मिलेगा। यात्रियों और वाहन चालकों से आग्रह है कि वे नियमों का पालन कर एयरपोर्ट प्रशासन को सहयोग दें।

मुरलीधर मोहोल, केंद्रीय नागरिक उड्डयन राज्यमंत्री

Created On :  

Tags

Next Story