Maharashtra News: दक्षिण कोरिया में नशे की लत से जूझ रहे बच्चों को नशा मुक्ति की राह दिखाएगी पुणे की छात्रा

दक्षिण कोरिया में नशे की लत से जूझ रहे बच्चों को नशा मुक्ति की राह दिखाएगी पुणे की छात्रा
रोबोटिक्स की अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में शामिल होंगे जिला परिषद स्कूल के दो बच्चे

डिजिटल डेस्क, पुणे। विद्यार्थियों में बढ़ती नशे की लत को रोकने और आधुनिक तकनीक के माध्यम से शिक्षा को अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से पुणे जिले के करेगांव और लोणीकंद स्थित जिला परिषद विद्यालयों के विद्यार्थियों ने अभिनव प्रयासों की तैयारी की है। विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने के बाद वहां के दो विद्यार्थियों का चयन दक्षिण कोरिया में होने वाली अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए हुआ है। प्रतियोगिता में दोनों विद्यार्थी प्रोजेक्ट का प्रदर्शन कर भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे।

प्रतियोगिता रोबोटेक्स इंटरनेशनल चैंपियनशिप 2026 के लिए चुने गए विद्यार्थियों में छठी कक्षा के श्रीराज अभिजीत शिंदे और सातवीं कक्षा की आरोही रामचंद्र उजगरे शामिल हैं। प्रतियोगिता 28 और 29 नवंबर को दक्षिण कोरिया की राजधानी सियोल में होगी। दोनों विद्यार्थी प्रतियोगिता में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे।

आरोही उजगरे ने ‘स्कूवेरा’ नामक प्रोजेक्ट तैयार किया है। दक्षिण कोरिया के विद्यार्थियों में बढ़ती नशीले पदार्थों के सेवन की समस्या देखते हुए यह प्रोजेक्ट विकसित किया गया है। विद्यार्थियों को नशे की लत से बचाना, उन पर निगरानी रखना और उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करना उसका मुख्य उद्देश्य है।

प्रोजेक्ट में विशेष कोडिंग और लोकेशन तकनीक का उपयोग किया गया है। प्रणाली के माध्यम से यह पता लगाया जा सकता है कि विद्यार्थी विद्यालय आए हैं या नहीं और स्कूल आने के बाद कहीं बाहर तो नहीं गए हैं। इससे केवल उपस्थिति दर्ज कराकर विद्यालय से बाहर जाना संभव नहीं होगा। साथ ही विद्यार्थियों की गतिविधियों पर भी नजर रखी जा सकेगी। आरोही का मानना है कि यह परियोजना विद्यार्थियों की सुरक्षा बढ़ाने और उन्हें नशे से दूर रखने में उपयोगी साबित होगी।

दूसरे विद्यार्थी श्रीराज शिंदे ने रोबोटिक्स क्षेत्र में अभिनव प्रोजेक्ट तैयार किया है। उसमें रोबोट रेसिंग और गर्ल फायर फाइटर जैसी अवधारणाएं शामिल हैं। रोबोट रेसिंग में रोबोट को निर्धारित मार्ग पर आने वाली चुनौतियों को कम से कम तीन मिनट में पूरा करना होता है।

कोट

बच्चों को केवल शिक्षा देना ही महत्वपूर्ण नहीं है, बल्कि उन्हें शिक्षा सही और प्रभावी तरीके से समझ में आनी चाहिए। विद्यार्थियों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण, रचनात्मकता और तकनीकी कौशल विकसित होना आवश्यक है। उन्हें व्यावहारिक प्रोजेक्ट के माध्यम से सीखने के अवसर मिलने चाहिए। ऐसे प्रयासों से विद्यार्थियों का आत्मविश्वास बढ़ता है और उन्हें अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर मिलता है।

मनीषा सावंत, इंडिया ऑपरेशंस, जेड रोबोटिक्स

बॉक्स

रोबोटिक्स की राष्ट्रीय प्रतियोगिता में 250 विद्यार्थियों ने लिया भाग

जिला परिषद स्कूलों के विद्यार्थियों ने रोबोटिक्स, कोडिंग, नवाचार और तकनीक के क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रदर्शन करते हुए राष्ट्रीय स्तर पर पुणे जिले का गौरव बढ़ाया है। रोबोटेक्स इंडिया नेशनल चैंपियनशिप 2026 में जिले के 250 विद्यार्थियों ने भाग लिया। करेगांव और लोणीकंद जिला परिषद स्कूलों के विद्यार्थियों ने विभिन्न श्रेणियों में उत्कृष्ट स्थान हासिल किए। बच्चों की उपलब्धि पर जिला परिषद अध्यक्ष वीरधवल जगदाले, सीईओ गजानन पाटिल और उपाध्यक्ष विवेक वलसे-पाटिल ने उन्हें शुभकामनाएं दी हैं। करेगांव जिला परिषद स्कूल में फियाट के सहयोग से 56 विद्यार्थियों ने प्रतियोगिता में भाग लिया। उनमें से छह विद्यार्थियों की दो टीमों ने शीर्ष 10 में स्थान प्राप्त किया, जबकि तीन विद्यार्थियों की एक टीम ने शीर्ष तीन में जगह बनाई। लोणीकंद जिला परिषद स्कूल में जेडएस एसोसिएट्स के सहयोग से 158 विद्यार्थियों ने प्रतियोगिता में हिस्सा लिया। वहां के 10 विद्यार्थियों की दो टीमों ने शीर्ष 10 में स्थान हासिल किया। उद्यमिता चुनौती (एंटरप्रेन्योरशिप चैलेंज) और लोक दौड़ (फोक रेस) श्रेणियों में विद्यार्थियों ने उल्लेखनीय सफलता प्राप्त की।

Created On :  

Tags

Next Story