Maharashtra News: जय भवानी सहकारी बैंक में 4.46 करोड़ का कर्ज घोटाला, 21 पर केस दर्ज, पात्रता नहीं होने के बावजूद दिया कर्ज

जय भवानी सहकारी बैंक में 4.46 करोड़ का कर्ज घोटाला, 21 पर केस दर्ज, पात्रता नहीं होने के बावजूद दिया कर्ज
भवानी पेठ स्थित जय भवानी सहकारी बैंक में कर्ज बांटने के दौरान नियमों का उल्लंघन कर 4 करोड़ 46 लाख 55 हजार 126 रुपए के घोटाला का आरोप है।

डिजिटल डेस्क, पुणे। भवानी पेठ स्थित जय भवानी सहकारी बैंक में कर्ज बांटने के दौरान नियमों का उल्लंघन कर 4 करोड़ 46 लाख 55 हजार 126 रुपए के घोटाला का आरोप है। बैंक के तत्कालीन पदाधिकारियों, अधिकारियों, कर्जदारों और एजेंटों ने मिलीभगत कर अपात्र लोगों को कर्ज मंजूर किया। मामले में खड़क पुलिस ने 21 लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है।

इस संबंध में राजेंद्र सीताराम कांबले (56) निवासी पाषाण ने शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस के मुताबिक भवानी पेठ की पवार बिल्डिंग स्थित जय भवानी सहकारी बैंक में 2016 से 2018 के बीच घोटाला हुआ। आरोपियों ने पद का गलत इस्तेमाल करते हुए खुद के साथ परिचित कर्जदारों और एजेंटों को आर्थिक लाभ पहुंचाने के लिए बैंक के नियमों का उल्लंघन किया।

आरोप है कि भारतीय रिजर्व बैंक के निर्देशों, महाराष्ट्र सहकारी संस्था अधिनियम और बैंक की कर्ज नीति की अनदेखी की गई। कर्ज लेने की आर्थिक पात्रता नहीं होने के बावजूद लोगों को रिक्शा खरीदने के लिए कर्ज दिया गया। इसके अलावा संपत्ति गिरवी रखकर देने वाले अन्य कर्ज भी नियमों के खिलाफ मंजूर किए गए। इसके लिए बैंक के खाताधारकों और सदस्यों की जमा राशि का गलत इस्तेमाल किया गया।

मामले में राजेंद्र दत्तात्रय पड़वल, रतन घनश्याम किराड़ और बैंक के तत्कालीन उपाध्यक्ष संजय सोपान गायकवाड़ सहित 21 लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। आरोपियों पर बैंक और जमाकर्ताओं के साथ धोखाधड़ी करने तथा 4.46 करोड़ रुपए का गबन करने का आरोप है।

Created On :  

Tags

Next Story