Pune City News: तेज बारिश और आंधी से जनजीवन प्रभावित, कई इलाकों में जलभराव

तेज बारिश और आंधी से जनजीवन प्रभावित, कई इलाकों में जलभराव
  • यातायात प्रभावित
  • तेज हवाओं के साथ मूसलाधार बारिश

भास्कर न्यूज, पुणे। पुणे शहर और आसपास के क्षेत्रों में अचानक मौसम ने करवट ली। तेज आंधी, गरज-चमक और बारिश के कारण शहर के कई हिस्सों में जनजीवन प्रभावित हो गया। शहर के मध्य क्षेत्रों के साथ-साथ उपनगरों और पिंपरी-चिंचवड़ में भी भारी वर्षा दर्ज की गई।



मौसम विभाग के अनुसार, ऊपरी वायुमंडल में 5 से 10 किलोमीटर की ऊंचाई पर पश्चिम से दक्षिण दिशा की ओर ठंडी हवाएं तेज गति से बह रही हैं। ये हवाएं लहरदार तरीके से प्रवाहित हो रही हैं, जिससे अरब सागर और बंगाल की खाड़ी से आने वाली नमी युक्त हवाएं इनके साथ मिलकर वर्षा और ओलावृष्टि के लिए अनुकूल परिस्थितियां बना रही हैं।

गौरतलब है कि इससे पहले 30 मार्च को शहर के कुछ इलाकों, विशेषकर बाणेर में ओलावृष्टि हुई थी, जबकि अन्य क्षेत्रों में भी तेज बारिश दर्ज की गई थी। शिवाजीनगर में 26.6 मिमी वर्षा रिकॉर्ड की गई, जो पिछले एक दशक में इस अवधि की सबसे अधिक वर्षा मानी जा रही है।



गुरुवार को दोपहर करीब 2 बजे के बाद आसमान में अचानक घने बादल छा गए और दिन में ही अंधेरा सा महसूस होने लगा। इसके बाद बिजली की चमक के साथ बारिश शुरू हो गई। कात्रज, औंध, बाणेर, बिबवेवाड़ी, कोथरूड, शिवाजीनगर और उंड्री सहित अधिकांश क्षेत्रों में भारी वर्षा हुई।

तेज बारिश के कारण कई सड़कों पर पानी भर गया और निचले इलाकों में जलभराव की स्थिति बन गई। इससे यातायात प्रभावित हुआ और वाहन चालकों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा। कई स्थानों पर ट्रैफिक जाम की भी स्थिति देखी गई।

Created On :   2 April 2026 6:48 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story