- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- पुणे
- /
- नल कनेक्शन के विवाद में युवक की...
Pune City News: नल कनेक्शन के विवाद में युवक की हत्या

भास्कर न्यूज, पुणे। दौंड तहसील के राजेगांव गांव में सोमवार रात एक मामूली विवाद ने हिंसक रूप ले लिया, जिसमें एक युवक की निर्मम हत्या कर दी गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। यह घटना रात करीब साढ़े नौ बजे नल कनेक्शन को लेकर हुए विवाद के चलते हुई।
मृतक की पहचान विजेंद्र भोसले (38, निवासी राजेगांव, त. दौंड) के रूप में हुई है, जिनकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं स्वरूप भोसले, आदेश भोसले और ऋषिकेश भोसले गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। सभी घायलों का भिगवण के एक अस्पताल में इलाज जारी है।
पुलिस के अनुसार, सोमवार दोपहर और शाम के समय नल कनेक्शन को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी और झगड़ा हुआ था। रात में आरोपी पक्ष के लोग विजेंद्र भोसले के घर के पास पहुंचे और उन्हें पकड़ लिया। इसी दौरान दिनेश भोसले ने कोयते से उनके गले पर वार कर उनकी हत्या कर दी।
इस मामले में पुलिस ने जनार्दन भोसले और महेश भोसले को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि दिनेश भोसले, योगेश भोसले, राज भोसले और नीलेश भोसले फरार बताए जा रहे हैं। पुलिस उनकी तलाश में जुटी हुई है।
Created On :   1 April 2026 4:20 PM IST












