Pune City News: गैस सिलेंडर की कमी से रेस्टोरेंट उद्योग प्रभावित

गैस सिलेंडर की कमी से रेस्टोरेंट उद्योग प्रभावित
एनआरएआई ने जिला प्रशासन से स्पष्टीकरण की मांग की

भास्कर न्यूज, पुणे। व्यावसायिक गैस सिलेंडरों की आपूर्ति में आ रही बाधाओं के कारण रेस्टोरेंट उद्योग संकट का सामना कर रहा है। इस स्थिति को लेकर नेशनल रेस्टोरेंट एसोसिएशन ऑफ इंडिया (एनआरएआई) के पुणे विभाग ने जिला प्रशासन से स्थिति स्पष्ट करने की मांग की है। एनआरएआई पुणे के प्रतिनिधि किशोर सरपोतदार, सायली जहागीरदार और अन्य पदाधिकारी ने जिला कलेक्टर जितेंद्र हुडी से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा। उन्होंने बताया कि व्यावसायिक गैस सिलेंडरों की आपूर्ति पर प्रतिबंधों के कारण नियमित सप्लाई चेन प्रभावित हुई है, जिससे रेस्टोरेंट व्यवसाय पर नकारात्मक असर पड़ा है। कई रेस्टोरेंट संचालकों को अपने मेन्यू में कटौती करनी पड़ी, जबकि कुछ ने अस्थायी रूप से संचालन बंद कर दिया।

जिला प्रशासन ने दावा किया कि गैस टैंकों की उपलब्धता पर्याप्त है, लेकिन अंतरराष्ट्रीय परिस्थितियों और युद्ध के कारण वितरण समय में देरी हो रही है। प्रशासन ने रेस्टोरेंट संचालकों को सलाह दी कि जिन क्षेत्रों में पाइपलाइन गैस की सुविधा उपलब्ध है, वे जल्द से जल्द उसका कनेक्शन लें।

जिला कलेक्टर ने आश्वासन दिया कि एलपीजी की आपूर्ति आने वाले कुछ हफ्तों में चरणबद्ध तरीके से सामान्य हो जाएगी। बैठक को सकारात्मक बताते हुए सायली जहागीरदार ने उम्मीद जताई कि जल्द ही स्थिति में सुधार होगा और रेस्टोरेंट व्यवसाय सामान्य रूप से संचालित हो सकेगा।

Created On :   27 March 2026 7:52 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story