- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- पुणे
- /
- एसपीपीयू के कुलपति को हटाने की मांग...
Pune City News: एसपीपीयू के कुलपति को हटाने की मांग तेज, छात्रों ने किया प्रदर्शन

भास्कर न्यूज, पुणे। सावित्रीबाई फुले पुणे विश्वविद्यालय में प्रशासनिक अक्षमता और कुप्रबंधन के आरोपों को लेकर छात्र संगठनों ने कुलपति के खिलाफ विरोध प्रदर्शन तेज कर दिया है। छात्रों ने नारे लगाते हुए विश्वविद्यालय परिसर में प्रदर्शन किया। छात्र प्रतिनिधियों का आरोप है कि विश्वविद्यालय में प्रशासनिक स्तर पर गंभीर लापरवाही हो रही है, जिससे शैक्षणिक प्रगति और छात्र हित प्रभावित हो रहे हैं। उनका कहना है कि एसपीपीयू, जो देश के प्रमुख उच्च शिक्षण संस्थानों में से एक है और ग्रामीण छात्रों के लिए महत्वपूर्ण केंद्र रहा है, उसकी शैक्षणिक रैंकिंग में गिरावट आई है।
प्रशासनिक पद रिक्त और लंबित कार्य
छात्रों ने कहा कि कई महत्वपूर्ण पद लंबे समय से खाली हैं। निदेशक परीक्षा, डीन समेत कई प्रशासनिक पद फिलहाल अस्थायी या अतिरिक्त प्रभार के आधार पर चलाए जा रहे हैं। प्रोफेसर भर्ती, करियर एडवांसमेंट स्कीम और शोध से संबंधित समितियां भी लंबे समय से गठित नहीं की गई हैं।
प्रदर्शनकारियों ने विशेष रूप से राष्ट्रीय उच्चतर शिक्षा अभियान (रूसा) के तहत मिले 62 करोड़ रुपये के उपयोग न होने को प्रशासनिक विफलता का बड़ा उदाहरण बताया। इसके अलावा विश्वविद्यालय के रजिस्ट्रार की नियुक्ति से जुड़े गोपनीय दस्तावेज लीक होने का भी आरोप लगाया गया।
छात्रों की मांगों में कुलपति को तत्काल हटाना, लगभग पांच लाख छात्रों के 90 दिनों से लंबित परीक्षा परिणाम घोषित करना, पीएचडी से संबंधित लंबित समिति का गठन, प्रोफेसर भर्ती और करियर एडवांसमेंट के लिए समितियों की नियुक्ति शामिल है। इसके अलावा 'अर्न एंड लर्न' योजना के मानदेय में महंगाई के अनुसार वृद्धि और प्लेसमेंट सेल को मजबूत करना भी प्रमुख मांग है।
छात्र प्रतिनिधि शिवा बारोले ने कहा कि जब तक प्रशासन उनकी मांगों पर ठोस कदम नहीं उठाता, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।
Created On :   27 March 2026 6:40 PM IST












