- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- पुणे
- /
- मोबाइल फोन के विवाद में हत्या
Pune City News: मोबाइल फोन के विवाद में हत्या

भास्कर न्यूज, पुणे। भोर तहसील स्थित जांभली गांव में हत्या की घटना सामने आई है, जहां एक होटल कर्मचारी ने मालिक के ससुर की बेरहमी से हत्या कर दी। यह घटना बुधवार, 25 तारीख को उजागर होने के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। राजगढ़ पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
राजगढ़ पुलिस थाने के सहायक पुलिस निरीक्षक तुकाराम राठोड़ के अनुसार, मृतक की पहचान किसन बापू सुर्वे (75, निवासी भोंगवली, ता. भोर) के रूप में हुई है। यह वारदात नसरापुर-वेल्हे मार्ग पर स्थित जांभली गांव के होटल में हुई।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी सागर थापा (21) होटल में कर्मचारी के रूप में कार्यरत था। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि उसने होटल मालिक अनिल रसाल से नया मोबाइल फोन न मिलने के कारण गुस्से में आकर उनके ससुर की हत्या कर दी।
बताया जा रहा है कि मृतक की होटल के पास ही पान की दुकान थी। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी रात में ही रिक्शा से पुणे की ओर भागने लगा।
हालांकि, रास्ते में रिक्शा चालक को किराया देने से इनकार करने पर मामला पलट गया। आरोपी ने होटल मालिक के बेटे को फोन कर 500 रुपये की मांग की। इस दौरान होटल मालिक के बेटे ने सूझबूझ दिखाते हुए आरोपी से रिक्शा चालक को फोन देने को कहा।
इसके बाद रिक्शा चालक ने आरोपी को रोके रखा और तुरंत पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची राजगढ़ पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया।
Created On :   26 March 2026 8:19 PM IST












