- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- पुणे
- /
- मेट्रो सुरंग को नुकसान, नई नियमावली...
Pune City News: मेट्रो सुरंग को नुकसान, नई नियमावली की तैयारी

भास्कर न्यूज, पुणे। स्वारगेट से शिवाजीनगर तक निर्माणाधीन भूमिगत मेट्रो सुरंग में हाल ही में हुए नुकसान ने मनपा और मेट्रो प्रशासन को सतर्क कर दिया है। इस घटना के बाद मेट्रो सुरंग के ऊपर और आसपास होने वाले निर्माण कार्यों के लिए नई और विस्तृत नियमावली तैयार की जा रही है।
मनपा आयुक्त नवल किशोर राम के अनुसार, शुक्रवार को पेठ इलाके में खडक पुलिस थाने के सामने एक वाडे के निर्माण के दौरान बोरवेल खुदाई करते समय मेट्रो सुरंग में दरार पाई गई। सुरंग में पानी के रिसाव के संकेत मिलने के बाद मेट्रो अधिकारियों ने तुरंत जांच शुरू कर दी। घटना के बाद मनपा और मेट्रो प्रशासन ने पेठ क्षेत्र में चल रहे सभी निर्माण कार्यों की समीक्षा शुरू कर दी है।
प्रशासन ने स्पष्ट किया कि अब केवल निर्माण अनुमति के आधार पर बोरवेल खोदाई की अनुमति नहीं दी जाएगी और इसके लिए भूजल विभाग से अलग से अनुमति लेना अनिवार्य होगा। स्वारगेट से शिवाजीनगर तक लगभग छह किलोमीटर लंबा यह मेट्रो मार्ग भूमिगत है और करीब 100 फीट गहराई में बनाया गया है। सुरंग के ऊपर कंक्रीट की मजबूत परत डाली गई है, फिर भी सतह पर हो रहे निर्माण कार्यों का प्रभाव नजर आने लगा है।
नई प्रस्तावित नियमावली के तहत मेट्रो सुरंग के ऊपर या आसपास किसी भी निर्माण या पुनर्निर्माण से पहले तकनीकी जांच अनिवार्य होगी। इसके साथ ही मेट्रो प्रशासन की अनुमति, संरचनात्मक सुरक्षा रिपोर्ट और निर्माण के दौरान तकनीकी निगरानी सुनिश्चित करने पर भी विचार किया जा रहा है। मनपा का कहना है कि इन उपायों से भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सकेगा और मेट्रो परियोजना की सुरक्षा सुनिश्चित होगी।
Created On :   26 March 2026 7:39 PM IST












