- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- पुणे
- /
- भोर में 307वां श्रीराम जन्मोत्सव...
Pune City News: भोर में 307वां श्रीराम जन्मोत्सव धूमधाम से मनाया गया

भास्कर न्यूज, पुणे। भोर शहर में प्रभु श्रीराम जन्मोत्सव इस वर्ष भी पूरे श्रद्धा, भक्ति और पारंपरिक उत्साह के साथ मनाया गया। भोर संस्थान के पंतसचिव घराने के कुलदैवत श्रीराम का 307वां जन्मोत्सव गुरुवार को राजप्रासाद में भव्य आयोजन के साथ संपन्न हुआ, जिसमें तीन पीढ़ियों की गरिमामयी उपस्थिति रही।
उत्सव की शुरुआत परंपरा के अनुसार विभिन्न देवस्थानों को अक्षता देकर निमंत्रण देने से हुई। सुबह के समय विधिवत पूजा-अर्चना और होमहवन किया गया। इसके बाद सुसज्जित पालकी में श्रीराम की प्रतिमा को राजेशाही अंदाज में शोभायात्रा के माध्यम से राजप्रासाद तक लाया गया। इस शोभायात्रा में श्रीमंत राजेशराजे और युवराज पार्थराजे ने अग्रणी भूमिका निभाई, जबकि भोई समाज के लोगों ने पालकी को कंधों पर उठाकर परंपरा निभाई।
राजप्रासाद में श्रीराम की प्रतिमा को सजे-धजे पालने में स्थापित किया गया। महिलाओं ने पारंपरिक पालना गीतों का गायन किया और ‘गीत रामायण’ की प्रस्तुति ने वातावरण को भक्तिमय बना दिया। ठीक दोपहर 12 बजे श्रीमंत राजेशराजे पंतसचिव ने पालने की रस्सी खींचकर जन्मोत्सव का मुख्य क्षण संपन्न किया, जिसके साथ ही श्रद्धालुओं ने जयघोष और पुष्पवर्षा कर भगवान श्रीराम का स्वागत किया।
उत्सव के दौरान पूरे शहर में मेले जैसा माहौल देखने को मिला। फल, मिठाई और खिलौनों की दुकानों पर लोगों की भीड़ उमड़ी रही। श्री चैतन्यसेवा मंडल द्वारा श्री मारूति मंदिर में अभिषेक, प्रवचन, कीर्तन और प्रसाद वितरण जैसे धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए गए।
नसरापुर में भी करीब डेढ़ सौ वर्ष पुरानी परंपरा के तहत श्रीराम जन्मोत्सव मनाया गया। उल्लेखनीय है कि भोर संस्थान की स्थापना छत्रपति राजाराम महाराज के अष्टप्रधान मंडल के सदस्य स्वर्गीय शंकरजी नारायण पंतसचिव ने की थी, जबकि इस उत्सव की शुरुआत 1720 में नानासाहेब पंतसचिव ने की थी। समय के साथ आयोजन की अवधि में परिवर्तन हुआ है, जो अब डेढ़ दिन तक सीमित हो गया है।
Created On :   26 March 2026 5:44 PM IST












