Pune City News: अवैध शराब तस्करी का भंडाफोड़, 20.53 लाख रुपये का माल जब्त

अवैध शराब तस्करी का भंडाफोड़, 20.53 लाख रुपये का माल जब्त
  • गोवा से सस्ती शराब लाकर नामी ब्रांड की बोतलों में भरकर की जा रही थी बिक्री
  • दो आरोपी गिरफ्तार

भास्कर न्यूज, पुणे। राज्य उत्पादन शुल्क विभाग (एक्साइज) पुणे की टीम ने अंतरजिला स्तर पर चल रहे अवैध शराब तस्करी के एक बड़े गिरोह का पर्दाफाश किया है। इस कार्रवाई में कुल 20 लाख 53 हजार रुपये का माल जब्त किया गया है, जबकि दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान प्रेम सोमनाथ भडवलकर (निवासी बारामती) और अक्षय अधिकराव देशमुख (निवासी सोलापुर) के रूप में हुई है। यह गिरोह गोवा से सस्ती शराब लाकर उसे नामी ब्रांड की बोतलों में भरकर महाराष्ट्र में ऊंचे दामों पर बेचता था।

उत्पादन शुल्क विभाग को गुप्त सूचना मिली थी कि इंदापुर तहसील के कांदलगांव इलाके में शराब की तस्करी होने वाली है। इसके आधार पर 27 मार्च की दोपहर कांदलगांव-शहा रोड पर एक संदिग्ध मालवाहक वाहन को रोका गया। तलाशी के दौरान वाहन से शराब से भरे 25 प्लास्टिक ड्रम और ‘रॉयल स्टैग’ व्हिस्की के 1,400 नकली ढक्कन बरामद किए गए। मौके पर ही दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।

पूछताछ के बाद जांच को आगे बढ़ाते हुए पुलिस ने सोलापुर जिले के माढा स्थित आरोपी अक्षय देशमुख के घर पर छापा मारा। यहां से गोवा निर्मित विदेशी शराब की बोतलें, खाली बोतलें और 2,000 नकली ढक्कन सहित करीब 49 हजार रुपये का माल बरामद किया गया।

इसके अलावा सातारा जिले के महिमानगड में फरार आरोपी के घर पर भी छापेमारी की गई, जहां से ‘इम्पीरियल ब्लू’ व्हिस्की की बड़ी मात्रा में बोतलें और नकली ढक्कन जब्त किए गए। इस कार्रवाई के साथ ही उत्पादन शुल्क विभाग ने अंतरजिला शराब तस्करी के एक बड़े नेटवर्क को ध्वस्त करने में सफलता हासिल की है।

Created On :   30 March 2026 4:08 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story