Pune City News: मिलावटी दूध और डेयरी कारोबार पर बड़ी कार्रवाई

मिलावटी दूध और डेयरी कारोबार पर बड़ी कार्रवाई
  • एफडीए ने 13.71 लाख रुपये का संदिग्ध खाद्य पदार्थ नष्ट किया
  • तीन खाद्य कारोबार और एक होटल का लाइसेंस निलंबित

भास्कर न्यूज, पुणे। खाद्य एवं औषधि प्रशासन (एफडीए) ने पुणे और सोलापुर जिले में कार्रवाई करते हुए मिलावटी दूध, गंदगी में तैयार हो रहे दुग्ध उत्पाद और बिना लाइसेंस मिठाई बनाने वाले प्रतिष्ठानों पर छापा मारा। इस दौरान 13.71 लाख रुपये का संदिग्ध खाद्य पदार्थ जब्त कर नष्ट किया गया। साथ ही तीन खाद्य कारोबार और एक होटल का लाइसेंस तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया। यह विशेष अभियान 25 से 27 जून के बीच ‘सेफ फूड, सेफ ड्रग, सेफ महाराष्ट्र’ अभियान के तहत चलाया गया। कार्रवाई खाद्य सुरक्षा आयुक्त तुकाराम मुंढे के निर्देश पर की गई।

पुणे जिले के शिरूर स्थित गगनगिरी मिल्क एंड मिल्क प्रोडक्ट्स में जांच के दौरान दूध के नमूने संदिग्ध पाए गए। प्राथमिक जांच में दूध की गुणवत्ता बनाए रखने के लिए कॉस्टिक सोडा मिलाने की आशंका सामने आई। इसके बाद करीब 12,278 लीटर दूध, जिसकी कीमत 5.28 लाख रुपये थी, नष्ट कर दिया गया। डेयरी का खाद्य लाइसेंस भी निलंबित कर दिया गया।

आंबेगांव के उमिया मिल्क प्रोडक्ट्स में अत्यंत गंदे माहौल में उत्पादन हो रहा था। यहां से 1,155 किलो कच्चा माल, जिसकी कीमत 1.48 लाख रुपये है, जब्त किया गया। इस इकाई का लाइसेंस भी निलंबित कर दिया गया।

सोलापुर जिले की रामदेव डेयरी में बिना लाइसेंस और अस्वच्छ वातावरण में मिठाई बनाई जा रही थी। यहां से 1,807 किलो मिठाई, जिसकी कीमत 6.91 लाख रुपये है, जब्त कर नष्ट कर दी गई।

मालशिरस तहसील के शेतकरी राजा दूध संकलन केंद्र में भी गंदगी मिलने पर 80 लीटर दूध नष्ट किया गया। इस केंद्र का लाइसेंस भी निलंबित कर दिया गया।

इसके अलावा पुणे के ताथवडे स्थित गुड फूड रोल हाउस तंदूरी हाउस होटल में गंभीर स्वच्छता संबंधी खामियां मिलने पर उसका खाद्य लाइसेंस अगले आदेश तक निलंबित कर दिया गया।

एफडीए ने दूध उत्पादकों, प्रसंस्करण इकाइयों और विक्रेताओं से खाद्य सुरक्षा नियमों का सख्ती से पालन करने की अपील की है। साथ ही उपभोक्ताओं से खाद्य पदार्थ खरीदते समय पैकेट पर उत्पादन तिथि, समाप्ति तिथि, एफएसएसएआई लाइसेंस नंबर और पैकेजिंग की स्थिति जांचने की सलाह दी है।

Created On :   30 Jun 2026 7:28 PM IST

Tags

Next Story