Pune City News: संपत्ति विवाद और चरित्र शंका ने ली दो जान, लाखों का ड्रग्स भी बरामद

संपत्ति विवाद और चरित्र शंका ने ली दो जान, लाखों का ड्रग्स भी बरामद
  • संपत्ति विवाद में मर्डर और चरित्र शंका में पत्नी की गला दबाकर हत्या
  • ₹10 लाख के ड्रग्ज बरामद

भास्कर न्यूज, पुणे। पिंपरी-चिंचवड शहर और आसपास के क्षेत्रों में अपराध की तीन बड़ी घटनाएं सामने आईं। अलग-अलग मामलों में दो लोगों की हत्या कर दी गई। वहीं, पुलिस ने कार्रवाई करते हुए ₹10.85 लाख कीमत का एमडी (मेफेड्रोन) ड्रग्स जब्त कर दो तस्करों को गिरफ्तार किया।

संपत्ति विवाद में हत्या

पिंपले गुरव में संपत्ति विवाद के चलते कन्नन बालकृष्ण पडाची की हत्या कर दी गई। पुलिस के अनुसार, आरोपी सेल्वराज राजंगम (52) का मृतक से लंबे समय से विवाद चल रहा था। रविवार को दोनों के बीच झगड़ा हुआ। गुस्से में आरोपी ने पहले सिलबट्टे से सिर पर हमला किया। इसके बाद धारदार हथियार से गला काट दिया। सांगवी पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

पत्नी की गला दबाकर हत्या

चिंचवड के विद्यानगर में ड्राइवर ने अपनी 35 वर्षीय पत्नी की गला दबाकर हत्या कर दी। पुलिस के अनुसार, आरोपी अपनी पत्नी के चरित्र पर शक करता था। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ। विवाद बढ़ने पर आरोपी ने पत्नी का गला घोंट दिया। बेटी की शिकायत पर पिंपरी पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

₹10.85 लाख का एमडी ड्रग्स जब्त

दापोडी में पुराने पुणे-मुंबई हाईवे की सर्विस रोड पर एंटी-नारकोटिक्स सेल ने कार्रवाई की। दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। आरोपियों की पहचान आर्यन रवींद्र यादव (20) और शोएब शकील शेख उर्फ उस्ताद (25) के रूप में हुई है। दोनों के पास से 98.56 ग्राम एमडी (मेफेड्रोन) ड्रग्स बरामद हुआ। इसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत ₹10 लाख 85 हजार 600 बताई गई है। पुलिस ने ड्रग्स के साथ बाइक और मोबाइल भी जब्त किए हैं। मामले की जांच दापोडी पुलिस कर रही है।

Created On :   30 Jun 2026 5:26 PM IST

Tags

Next Story